संभल जिले में एक महिला को आग लगाकर मार डालने का मामला सामने आया है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का शव गांव पहुंचा, तो उसके ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल न होने पर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने के एक घंटे बाद ग्रामीण माने और पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। सूचना मिलने पर एएसपी मनोज कुमार रावत भी मौके पर पहुंचे। यह घटना संभल के गुन्नौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। मंगलवार शाम 5 बजे पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव गांव पहुंचा। इसके बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए नरौरा घाट जाने लगे। शाम करीब 6:30 बजे, ससुर दरियाव सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल न होने से नाराज लोगों ने रसूलपुर और नरौरा के बीच शव को सड़क पर रख दिया। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। ससुर के पहुंचने के बाद परिजन घाट पहुंचे और रात 8:20 बजे पुलिस की निगरानी में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मृतक महिला की पहचान 44 वर्षीय अनेकश्री पत्नी के रूप में हुई है। वह अपने 15 वर्षीय बेटे अखिलेश के साथ घर में रहती थीं। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे कुछ लोग घर में घुस आए। उन्होंने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी थी। गुन्नौर थाना पुलिस ने मृतक महिला के भाई अमरीश पुत्र छुन्नू, निवासी गांव गोकुलपुर, थाना रामघाट, जिला बुलंदशहर की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। शिकायत के आधार पर श्योराज पुत्र होतीलाल निवासी गांव रसूलपुर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रात में घर में घुसकर तेल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में BNS की धारा 331(4), 123, 109(1) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने बताया कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम के बाद आज अंतिम संस्कार किया गया है। पूरे मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Source link
