मोगा स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम ने कोट ईसे खां ब्लॉक में शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की। टीम ने आज सुबह गलोटी रोड, कोट ईसे खां स्थित एक डेयरी पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई सिविल सर्जन मोगा डॉ. अशोक सिंगला के आदेशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह के निर्देश पर हुई। चेकिंग के दौरान, फूड सेफ्टी टीम ने डेयरी में इस्तेमाल और बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों की गहन जांच की। टीम ने मौके से दूध और दही के नमूने लिए। इसके बाद, डेयरी से संबंधित वर्कशॉप और उत्पादन इकाई की भी जांच की गई, जहां से मक्खन का एक और नमूना एकत्र किया गया। फूड सेफ्टी अधिकारियों योगेश गोयल और लवप्रीत सिंह ने बताया कि सभी नमूने तुरंत जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा था कारोबार जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित डेयरी बिना फूड सेफ्टी लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन के अपना कारोबार चला रही थी, जो नियमों का उल्लंघन है। इस संबंध में विभाग ने संबंधित अदालत में केस दर्ज करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दूध, दुग्ध उत्पादों और अन्य खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा ऐसे अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत हो, तो तुरंत फूड सेफ्टी विभाग को सूचित करें। इससे समय रहते कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
Source link
