मुख्य बातें

लहसुन की ग्रेडिंग पर बढ़ी मेहनत: किसानों को अच्छी क्वालिटी के बावजूद नहीं मिल रहे उचित दाम – jhalawar News

लहसुन की ग्रेडिंग पर बढ़ी मेहनत:  किसानों को अच्छी क्वालिटी के बावजूद नहीं मिल रहे उचित दाम – jhalawar News

झालावाड़ जिले के रायपुर तहसील क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में लहसुन उत्पादक किसान इन दिनों बेहतर कीमत की उम्मीद में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे लहसुन को आकर्षक और साफ-सुथरे रूप में तैयार कर कृषि उपज मंडियों तक पहुंचा रहे हैं।
हालांकि, इतनी मेहनत के बावजूद किसानों को उचित भाव नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि लहसुन उनकी नकदी फसलों में शामिल है। किसान संघ से जुड़े महेश कुमार ने बताया कि पहले किसान खेत से निकला लहसुन सीधे मंडी में बेचते थे। अब बाजार की मांग और बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में किसान अतिरिक्त मेहनत कर लहसुन को अलग-अलग ग्रेडिंग में तैयार कर रहे हैं। वे लहसुन की गठियों को पूरी तरह साफ कर, ऊपर और नीचे के हिस्से को व्यवस्थित रूप से काटकर अच्छी ग्रेडिंग में तैयार कर रहे हैं, ताकि मंडियों में उन्हें अधिक दाम मिल सकें। दिनभर काम में लगे रहते है किसान परिवार
रायपुर तहसील क्षेत्र के खेजरपुर गांव निवासी किसान गोकुल दांगी और कन्हैयालाल दांगी ने बताया कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर लहसुन साफ करने और उसकी ग्रेडिंग के अनुसार पैकिंग करने का कार्य चल रहा है। किसान परिवारों के साथ-साथ मजदूर भी दिनभर लहसुन को साफ और आकर्षक बनाने में लगे हुए हैं। एक दिन में 30 किलो लहसुन की ग्रेडिंग
किसानों के अनुसार एक व्यक्ति पूरे दिन में करीब 30 किलो लहसुन ही अच्छी तरह साफ कर पाता है। इसमें समय के साथ अतिरिक्त मजदूरी खर्च भी जुड़ जाता है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को मंडियों में उनकी मेहनत के अनुरूप उचित भाव नहीं मिल पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेती की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। बीज, खाद, दवाई, सिंचाई और मजदूरी पर पहले से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। इसके बाद भी यदि उपज का संतोषजनक मूल्य नहीं मिले तो किसान आर्थिक रूप से कमजोर होता जा रहा है। किसानों ने बताया कि अच्छी क्वालिटी तैयार करने के बाद भी मंडियों में दाम उम्मीद के अनुसार नहीं मिल रहे, इससे किसानों में निराशा बढ़ रही है। अच्छी ग्रेडिंग के साथ मंडियों में पहुंच रहा लहसुन
ग्रामीण क्षेत्रों में अब लहसुन की गुणवत्ता को अधिक महत्व दिया जा रहा है, क्योंकि साफ और अच्छी ग्रेडिंग वाला लहसुन सीधे अंतिम उपभोक्ताओं तक भी पहुंच रहा है। इसके बावजूद बाजार में उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की परेशानी कम नहीं हो रही। किसानों ने सरकार एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि कृषि उपज का उचित समर्थन मूल्य और बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की मेहनत का सही सम्मान मिल सके और उन्हें आर्थिक राहत प्राप्त हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *