कपूरथला के गांव खोजेवाल में एक धार्मिक स्थल को लेकर चल रहा पुराना विवाद उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब 2 गुटों के बीच तीखी बहस हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को अलग किया। इस दौरान कुछलोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी की गई। गांव खोजेवाल में तनाव की सूचना मिलते ही प्रशासन तत्काल हरकत में आया। कपूरथला की एसडीएम डॉ. इरविन कौर, डीएसपी सब-डिवीजन डॉ. शीतल सिंह, थाना सदर एसएचओ, साइंस सिटी चौकी इंचार्ज संदीप सिंह और दंगारोधी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। 40 सालों से एक समिति देख रही धार्मिक स्थल का प्रबंधन जानकारी के अनुसार, गांव खोजेवाल स्थित बाबा श्री साहबू जी के धार्मिक स्थल का प्रबंधन पिछले करीब 40 वर्षों से एक समिति संभाल रही थी। हाल ही में गांव के कुछ लोगों ने एक दूसरी कमेटी बनाकर धार्मिक स्थल के नेतृत्व पर दावा जताया, जिसके बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था। सूफी संत माना जाते हैं बाबा साहबू जी अधिकारियों के मुताबिक, बाबा साहबू जी को लंबे समय से सूफी संत माना जाता रहा है। लगभग दो वर्ष पहले कुछ ग्रामीणों ने धार्मिक स्थल पर गुरु रविदास जी का चित्र स्थापित किया था, क्योंकि गांव में रविदासिया समुदाय के अनुयायियों की संख्या अधिक है। कुछ दिन पहले गुरु रविदास जी के चित्र के पास कथित तौर पर आपत्तिजनक वस्तु रखे जाने से विवाद और गहरा गया। पुलिस ने स्थिति को संभाला इसी बीच, एक गुट द्वारा संत जी के सम्मान में वार्षिक मेले के आयोजन के लिए पोस्टर और निमंत्रण पत्र लगाए जाने से माहौल और तनावपूर्ण हो गया। गत दिवस दोपहर बाद मामला तब भड़क उठा जब एक पक्ष ने गांव के बाहर से कुछ लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते करीब 40 से 50 लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करवाया। स्थिति को सामान्य करने के उद्देश्य से, एसडीएम डॉ. इरविन कौर ने दिन में 12 सदस्यीय नई समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति धार्मिक स्थल के प्रबंधन का कार्य संभालेगी। गांव का पुराना विवाद डीएसपी डॉ. शीतल सिंह के अनुसार यह गांव का पुराना विवाद है और पुलिस ने मंगलवार को भी गांव का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि मौजूदा विवाद मेले के आयोजन को लेकर है। फ़िलहाल दोनों पक्षों के लोगों को एहतियातन अलग-अलग किया गया। धक्कामुक्की के दौरान एक पुलिसकर्मी को किसी के कड़े से हल्की खरोंच भी आई है, लेकिन पुलिस ने जल्द हालात पर काबू कर लिया। 12 सदस्यीय नई समिति बनाई फिलहाल पुलिस हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो पुलिस सख्त कार्रवाई भी अंजाम में लाएगी। वहीं दूसरी तरफ साइंस सिटी चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि एसडीएम द्वारा फिलहाल 12 सदस्यीय नई समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें दोनों पुरानी समितियों से 3-3 सदस्य तथा तीन स्वतंत्र सदस्य शामिल किए जाएंगे। इसके लिए गांववासियों को एक दिन का समय दिया गया है।
Source link
