नोएडा के इलाकों में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को जिले के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को तापमान 44 डिग्री तक जाएगा।
आगामी 23 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को दिनभर उमस और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक हवा में नमी की मात्रा करीब 60 प्रतिशत रहने से गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा। इसके साथ ही रात में भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। IMD ने वार्म नाइट की स्थिति को लेकर भी चेतावनी जारी की है। इसका मतलब है कि रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे लोगों को बेचैनी और गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने 23 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं 24 मई से 26 मई तक नोएडा में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान भी तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच बना रह सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सीधे धूप के संपर्क से बचने की सलाह दी है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के चलते शहर में दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही भी कम दिखाई दे रही है।
Source link
