मधुबनी में 28 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला है। घटना फुलपरास थाना क्षेत्र के सुगापट्टी गांव की है। मृतक की पहचान सुगापट्टी निवासी रजनीश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। परिजन ने बताया कि रजनीश घर में अकेला था। उसकी मां, जो एक आशा कार्यकर्ता हैं, टीकाकरण अभियान के सिलसिले में बाहर गई हुई थीं। शाम को जब वह घर लौटीं, तो उन्होंने अपने बेटे का शव कमरे में फंदे से लटका देखा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। 4 साल से मायके में रह रही पत्नी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के अनुसार, रजनीश कुमार की शादी लगभग पांच साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी पिछले करीब चार वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। फुलपरास थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Source link
