गयाजी में पड़ रही प्रचंड गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। टिकारी अनुमंडल क्षेत्र के मखपा गांव स्थित कस्तूरबा विद्यालय में आज गर्मी की चपेट में आने से करीब छह छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्कूल की छात्राओं को चक्कर, घबराहट और कमजोरी की शिकायत होने लगी। फिलहाल सभी छात्राएं खतरे से बाहर स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी छात्राओं को आनन-फानन में अनुमंडल अस्पताल टिकारी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज शुरू किया गया। फिलहाल सभी छात्राएं खतरे से बाहर बताई जा रही हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में ही रखा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही टिकारी एसडीओ प्रवीण कुंदन और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ अभय कुमार रमन अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने छात्राओं का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि भीषण गर्मी की वजह से लड़कियों की तबीयत थोड़ी खराब हुई थी। अब उनकी स्थिति सामान्य है और डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिले में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह से ही तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह छह बजे के आसपास ही तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक है। विभाग ने हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की चेतावनी भी जारी की है। गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार पानी पीते रहें, धूप में निकलने पर सिर ढंक कर रखें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें।
Source link
