विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में शुक्रवार की शामअचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने मेला क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। प्राकृतिक आपदा में जहां कई पंडाल और तोरण द्वार धराशायी हो गए, वहीं बिजली व्यवस्था ध्वस्त होने से पूरा मेला क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। बाल-बाल बचे स्वास्थ्यकर्मी सबसे डरावनी घटना ब्रह्मकुंड के निकास द्वार के पास स्थित मेडिकल कैंप में घटी। तेज हवाओं के झोंके से कैंप के ऊपर एक विशाल पेड़ आ गिरा। गनीमत यह रही कि खतरे को भांपते हुए वहां तैनात स्वास्थ्यकर्मी समय रहते कैंप से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई थी। अंधेरे में डूबा मेला, ठप हुए मनोरंजन के साधन आंधी की चपेट में आने से मेला क्षेत्र में कई बिजली के पोल टूट गए, जिसके कारण पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शाम ढलते ही मेला क्षेत्र में अंधेरा छा गया। बिजली न होने के कारण मेले के मुख्य आकर्षण—झूले, मौत का कुआं और अन्य मनोरंजन के साधन बंद हो गए, जिससे पर्यटकों और बच्चों में भारी मायूसी देखी गई। झुक गया अस्थायी श्रीराम मंदिर कुदरत के इस कहर ने श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र को भी नहीं बख्शा। मेले में स्थापित अस्थायी श्रीराम मंदिर का ढांचा आंधी के दबाव को झेल नहीं सका और पश्चिम से पूर्व दिशा की ओर लगभग 90 डिग्री झुक गया। मंदिर को झुकता देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उस क्षेत्र को तुरंत खाली कराया। प्रशासनिक राहत काम जारी मेले की मुख्य सड़कों पर पेड़ और बांस-बल्लियां गिरने से आवागमन बाधित रहा, जिससे घंटों जाम की स्थिति बनी रही। ब्रह्मकुंड के पास राजीव वेतन रोड पर सबसे अधिक नुकसान देखा गया। नगर परिषद, बिजली विभाग और प्रशासनिक टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव काम में जुटी है। मलबे को हटाने और बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य देर रात तक जारी रहा। फिलहाल, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की है। ठनका गिरने से एक की मौत शुक्रवार शाम राजगीर थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना पंडितपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 7 के बधार की है। मृतक की पहचान बद्री यादव के 38 साल के बेटे राकेश कुमार के रूप में की गई है। राकेश शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे बधार में अपनी भैंस चरा रहे थे, तभी अचानक मौसम बिगड़ा और आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहार शरीफ भेज दिया है।
Source link
