जींद जिले के सफीदों के वार्ड नंबर 3, थनई मोहल्ला में शनिवार को एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लूट की वारदात हुई। एक नकाबपोश बदमाश ने महिला के घर में घुसकर उसकी आंखों में लाल मिर्ची झोंक दी और कान से सोने की बालियां छीनकर फरार हो गया। इस घटना से इलाके में भय का माहौल है। पीड़ित बुजुर्ग महिला कृष्णा देवी (पत्नी स्वर्गीय श्री हरिचंद) ने पुलिस को बताया कि उनके पति का निधन हो चुका है और उनका एक बेटा है, जो मानसिक रूप से बीमार है। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे कृष्णा देवी अपने घर में अकेली सब्जी काट रही थीं। तभी मुंह पर कपड़ा लपेटे एक अज्ञात युवक उनके घर में घुस आया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, आरोपी ने उनकी आंखों में सूखी मिर्ची फेंक दी। मिर्ची की जलन से आंखें बंद होते ही, लुटेरे ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से सोने की बालियां नोंच लीं। बालियां खींचने और काटने से महिला के कानों में चोट आई और उन्हें दर्द महसूस हुआ। दर्द के बावजूद, वृद्धा चिल्लाते हुए बदमाश के पीछे गली की तरफ भागीं। उन्होंने देखा कि गली में एक अन्य युवक मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा था। बालियां छीनने वाला बदमाश तुरंत अपने साथी की बाइक पर बैठा और दोनों संकरे रास्तों से फरार हो गए। कृष्णा देवी के शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक आरोपी जा चुके थे। लूटी गई सोने की बालियों का वजन करीब 8 से 9 ग्राम बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता के देवर का लड़का सुशील कुमार तुरंत मौके पर पहुंचा और लहूलुहान व दर्द से तड़प रही बुजुर्ग चाची को सफीदों के सरकारी अस्पताल लेकर गया। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार और आंखों की सिकाई व पट्टी करने के बाद महिला को छुट्टी दे दी। पुलिस ने कृष्णा देवी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
