मुख्य बातें

सोनीपत में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार: मुरथल फ्लाईओवर के नीचे मिला था खून से लथपथ शव; रिमांड पर उगलेगा राज – Gohana News

सोनीपत में युवक की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:  मुरथल फ्लाईओवर के नीचे मिला था खून से लथपथ शव; रिमांड पर उगलेगा राज – Gohana News

सोनीपत जिले के थाना मुरथल की पुलिस टीम ने मुरथल फ्लाईओवर के नीचे एक युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान बिहार के फिरोजगढ़ निवासी बबलू राम के रूप में हुई है, जो फिलहाल सोनीपत के मुरथल गांव में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करके दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बीती 5 मई 2026 को क्षेत्र के रहने वाले महेश ने थाना मुरथल में एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जब वह अपनी दुकान का सामान लेने सोनीपत जा रहा था, तो उसे मुरथल फ्लाईओवर के नीचे सुलभ शौचालय के बाहर भारी भीड़ जमा दिखी। उसने पास जाकर देखने पर सुलभ शौचालय के गेट के पास एक अज्ञात युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके सिर, मुंह और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान थे। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल को तुरंत इलाज के लिए सोनीपत के डॉक्टर के पास अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसकी मौत हो गई। किसी अज्ञात हमलावर ने जान से मारने की नियत से धारदार या भारी हथियार से युवक पर हमला किया था, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद थाना मुरथल की पुलिस टीम में नियुक्त सहायक उप निरीक्षक युद्धवीर ने अपनी टीम के साथ मिलकर मामले की जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाते हुए इस हत्याकांड में शामिल आरोपी बबलू राम को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, वारदात की असली वजह और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी को कोर्ट के आदेशानुसार दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि यह साफ हो सके कि इस वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या मकसद था और क्या इसमें कोई और भी शामिल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *