बहराइच जिले के कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग में बाघ के हमले से एक महिला की मौत हो गई। यह घटना मुर्तिहा रेंज के अमृतपुर गांव के पास आज सुबह हुई, जब महिला घास काटने के लिए खेतों की ओर जा रही थी। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान अमृतपुर गांव निवासी सुभाष की पत्नी रीता (40) के रूप में हुई है। सुबह करीब आठ बजे रीता घर से घास काटने के लिए खेतों की ओर जा रही थीं। तभी अचानक जंगल से निकले एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद रीता की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ घायल महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। हमले में रीता के गले और सिर पर गंभीर घाव हो गए थे। परिवार के लोग जब तक उन्हें इलाज के लिए ले जाते, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुर्तिहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित ने बताया कि जंगली जानवर के हमले में महिला की मौत की जानकारी मिली है और वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है।
Source link
