एक-दूसरे को थप्पड़ मारती रहीं महिला और युवती
लुधियाना के सिविल अस्पताल के बाहर मेडिकल करवाने पहुंचीं 2 युवतियां आपस में भिड़ गईं। मेन सड़क पर दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे और बाल खींचे। हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।
.
बताया जा रहा है कि विवाद लड़के-लड़की के अफेयर को लेकर शुरू हुआ था। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों की पहचान कर जांच में जुटी है।
अस्पताल के बाहर आपस में भिड़तीं युवतियां।
अब पढ़िए पूरा मामला…
- मारपीट मामले में आए थे मेडिकल कराने: जानकारी के अनुसार 23 मई की शाम को धांदरा इलाके में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी झगड़े के बाद दोनों गुट पुलिस कार्रवाई के लिए अपना-अपना मेडिकल करवाने लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल के बाहर सड़क पर आते ही दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने हो गए।
- बहस के बाद सड़क पर शुरू हुई मारपीट: पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। युवतियों ने एक-दूसरे के बाल पकड़ लिए और बीच सड़क पर गुत्थम-गुत्थी शुरू हो गई। सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। ये पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।
- पुलिस दोनों पक्षों की पहचान करने में जुटीं: वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले दोनों गुटों के लोगों की पहचान करने में जुट गई है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सरेआम सड़क पर एक-दूसरे के बाल खींचती रहीं युवतियां।
किस बात पर हुआ विवाद….
नए बॉयफ्रेंड को लेकर शुरू हुआ बवाल सूत्रों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत लड़के और लड़की की दोस्ती से हुई थी। कुछ समय बाद लड़के ने दूसरी लड़की को अपनी नई गर्लफ्रेंड बना लिया। इसे देखकर पुरानी दोस्त ने भी एक नया बॉयफ्रेंड बना लिया। बताया जा रहा है कि जब पुराने दोस्त को लड़की के नए बॉयफ्रेंड के बारे में पता चला तो वह उससे मिलने पहुंच गया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला झगड़े तक पहुंच गया।
अस्पताल में फिर भिड़े दोनों पक्ष सूत्रों के अनुसार लड़की ने विवाद की जानकारी अपने नए दोस्त को दी। इसके बाद नया बॉयफ्रेंड मौके पर पहुंचा और उसने पुराने दोस्त के साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद दोनों पक्ष मेडिकल करवाने के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी मामला शांत नहीं हुआ। अस्पताल परिसर में दोनों लड़कियां आपस में भिड़ गईं। वहीं दोनों लड़के भी एक-दूसरे से उलझते नजर आए।
अब पढ़िए सीसीटीवी में क्या दिख रहा…
- अस्पताल के बाहर काफी देर खड़े रहे: CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक एक्टिवा के पास कुछ लोग खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे हैं। इसी दौरान काले कपड़े पहने और सिर पर पट्टी बांधे एक युवक धीरे-धीरे दूसरी तरफ जाता नजर आता है। उसके पीछे एक लड़की, एक महिला और कुछ अन्य युवक भी चले जाते हैं।
- एक युवती ने दूसरी को थप्पड़ मारे: इसके बाद दूसरी तरफ अचानक एक व्यक्ति और युवती के बीच गाली-गलौज शुरू हो जाती है, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल जाती है। माहौल इतना गरमा जाता है कि एक युवती दूसरी युवती को थप्पड़ मारना शुरू कर देती है। कुछ ही सेकेंड में दोनों युवतियां एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचने लगती हैं। मारपीट के दौरान उनके कपड़े तक अस्त-व्यस्त हो जाते हैं।
- युवक ने हटाने की कोशिश की: मौके पर मौजूद कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते हैं, लेकिन दोनों पक्ष लगातार भिड़े रहते हैं। इसी दौरान काली शर्ट पहना युवक एक युवती का हाथ पकड़कर उसे वहां से हटाने की कोशिश करता है, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से गाली-गलौज शुरू हो जाती है।
- एक-दूसरे के बाल नोचे: फुटेज में आगे दिखाई देता है कि दोनों युवतियां दोबारा आमने-सामने आ जाती हैं और एक-दूसरे को थप्पड़ मारते हुए बाल नोचने लगती हैं। दो युवक उन्हें छुड़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन दोनों एक-दूसरे को कसकर पकड़े रहती हैं।
