ओजस्वी सरगुजा योजना के तहत मेधावी छात्रों को नीट और जेईई की तैयारी के लिए रायपुर भेजा गया है। शासकीय स्कूलों के 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में अच्छे अंक लाने वाले 55 छात्रों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है। इन सभी छात्रों को रायपुर के एलेन करियर इंस्टिट्यूट में रहकर कोचिंग दी जाएगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मेधावी छात्रों और उनके पालकों को लेकर रायपुर जा रही तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यह सरगुजा जिले के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखने का ऐतिहासिक क्षण है। मंत्री ने कहा कि जिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर भेजा जा रहा है, वे आने वाले समय में न केवल अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करेंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कोचिंग के लिए विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से 5 बच्चे भी चयनित गए हैं। यह केवल चयन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक सशक्त संदेश है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ने एवं सफल होकर सरगुजा जिले का नाम रोशन करने प्रेरित किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने ओजस्वी सरगुजा योजना विद्यार्थियों और पालकों का उत्साहवर्धन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य, सीईओ विनय अग्रवाल, सरगुजा डीईओ दिनेश झा सहित चयनित विद्यार्थी एवं पालक उपस्थित रहे। 55 विद्यार्थियों को मिलेगी कोचिंग सुविधा छात्र-छात्राओं का चयन 10वीं बोर्ड परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर किया गया है। इन विद्यार्थियों को नीट और जेईई 2028 की तैयारी के लिए कोचिंग दी जाएगी। जिला प्रशासन सरगुजा ने कुल 50 योग्य छात्रों का चयन किया है। इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 5 विद्यार्थियों का भी मेरिट के आधार पर चयन किया गया है। कोचिंग संस्थान का चयन “रुचि की अभिव्यक्ति प्रक्रिया” के जरिए किया गया, जिसमें 6 संस्थानों में से एलेन करियर इंस्टिट्यूट का चयन हुआ है। डीएमएफ मद से इन छात्रों को निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी और साथ ही हर महीने 7500 रुपए की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
Source link
