लखनऊ के चौक इलाके में मंगलवार दोपहर गैस सिलिंडर में आग लगने के बाद हुए धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। नक्खास के शाहगंज निवासी 52 वर्षीय शील जायसवाल के घर में खाना बनाते समय गैस लीक होने से रेगुलेटर के पास आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने सिलिंडर को अपनी चपेट में ले लिया और तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। शील जायसवाल घर में अकेले थे और किचन में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस रिसाव होने लगा और रेगुलेटर के पास आग भड़क उठी। आग लगते ही उन्होंने सिलिंडर को संभालने और रेगुलेटर हटाने की कोशिश की। इसके बाद जलते सिलिंडर को घर से बाहर ले जाने लगे, लेकिन आग तेजी से फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख शील घर से बाहर निकल आए और शोर मचाकर लोगों को बुलाया। इसी बीच जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट से घर की खिड़कियों के शीशे भी चटक गए। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर संबंधित गैस एजेंसी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। जांच के बाद कर्मचारियों ने सिलिंडर और रेगुलेटर अपने कब्जे में ले लिया। एजेंसी की ओर से पीड़ित को 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता और नया मोबाइल फोन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
Source link
