सुबह के ठीक 9 बजे हैं। जंगल के पथरीले और उबड़-खाबड़ रास्तों पर हमारे कदम बढ़ते जा रहे हैं। करीब 40 मिनट बाद कुछ घर नजर आने लगे। पास पहुंचे तो एक घर के आंगन में भीड़ लगी दिखी।
.
आंगन के एक ओर महिलाएं चुपचाप बैठी हैं, तो दूसरी ओर मर्द। इनमें से तीन लोग डमरू जैसा एक वाद्य यंत्र और घुंघरू बजा रहे हैं। इनकी धीमी थाप जंगल के इस सन्नाटे को और गहरा कर रही है।
तभी हमारी नजर आंगन के बीचोबीच पड़ी। झुलसाने वाली इस उमस और गर्मी के बीच जमीन पर एक शख्स बैठा है। उसे सिर से पैर तक कंबल में इस कदर बांधा गया है कि उसके शरीर का एक भी हिस्सा दिखाई नहीं दे रहा।
अचानक, कंबल में लिपटा वह जिस्म जोर-जोर से हिलने लगा। भीतर से अजीबोगरीब आवाजें आने लगी। आस-पास बैठे लोग टकटकी लगाए उसे देख रहे हैं।
वे बातें कर रहे हैं कि अब इस जिस्म में पुरखों की आत्मा आने वाली है।
दैनिक भास्कर की सीरीज ‘हम लोग’ में मैं मनीषा भल्ला इस बार लाई हूं, केरल के वायनाड के जंगलों में रहने वाली अडिया जनजाति की कहानी, इनकी आबादी करीब 12 हजार है।
मेरे साथ हैं अजयन। अजयन, यहीं जंगलों टूरिज्म काम काम करते हैं। वह अडिया जनजाति के रीति-रिवाज और इनकी भाषा समझते हैं।
अजयन बताते हैं- ‘यह चेकाड़ी गांव है। यहां अडिया समुदाय की एक रस्म चल रही है, जिसे पैलेय रस्म कहते हैं। इस दौरान पुरखों की आत्मा को बुलाने का दावा किया जाता है।’
कंबल में एक शख्स में आई पुरखों की आत्मा।
कंबल में लिपटा शख्स जोर से हिल रहा है। वाद्य यंत्र की थाप जिस तर तेज-धीमी होती है, उस शख्स के शरीर की हलचल भी उसी रफ्तार से बदल रही है। कई बार तो ऐसा लगा कि वह गिर जाएगा।
थोड़ी देर बाद वह भारी आवाज में कुछ बोलता है। उसके पास एक बुजुर्ग बैठे हैं। वह कंबल में बंधे शख्स से अपनी भाषा में कुछ पूछ रहे हैं, जिसका वह जवाब देता है।
आस-पास बैठे बाकी लोग भी सवाल पूछते हैं। कंबल में बंधा शख्स, बारी-बारी से सबको जवाब देता है।
अजयन बताते हैं- ‘यह रस्म बीती रात से चल रही है। जो वाद्य यंत्र बज रहा है, उसे मुरथम कहते हैं।’
मैंने पूछा- इस रस्म की कोई खास वजह है?
अजयन ने बताया- ‘10 दिन पहले इसी घर में 40 साल की एक महिला ने खुदकुशी कर ली थी। उसका नाम चिक्की था। उसने ऐसा क्यों किया? लोग यही सवाल कंबल में हिलते शख्स से पूछ रहे हैं।
उनका मानना है कि शख्स में पुरखों की आत्मा आई हुई है और उसे इन बातों की जानकारी है।’
मैंने सवाल किया- क्या मरने के 10 दिन बाद ही आत्मा को बुलाते हैं?
अजयन बताते हैं- ‘अडिया लोग मानते हैं कि मौत के बाद 42 दिनों तक घर के आसपास आत्मा रहती है। इस दौरान कभी भी पैलेय रस्म की जा सकती है।’
‘इस रस्म के समय पुरखों की आत्मा से प्रार्थना करते हैं कि वे मृतक की आत्मा को अपने साथ ले जाएं, ताकि वह भटकती न रहे।’
तभी एक लड़का कुछ सामान लाकर कंबल में बंधे शख्स के सामने रखता है। इसमें पानी, पान के पत्ते, सुपारी, दीये की बाती और अगरबत्ती है। इसके बाद, बुजुर्ग बाती और अगरबत्ती जलाते हैं।
उसके तुरंत बाद कंबल की गांठ खोल देते हैं। कंबल में पसीने से तर-बतर एक बुजुर्ग निकलता है। वह धोती में है। उसके हाथ में सूप (सूपड़ा) है, जिस पर घुंघरू लगे हैं। इसी शख्स की शरीर में पुरखों की आत्मा आई थी।

कंबल खोलने पर हाथ में सूप लिए शख्स दिखता है।।
अब सामने बैठे और वाद्य यंत्र बजा रहे दूसरे बुजुर्ग अगरबत्ती से इस शख्स की आरती उतारते हैं। उसके बाद दोनों आपस में बातें करने लगते हैं।
कुछ देर बाद, बगल में बैठा दूसरा बुजुर्ग केले के पत्ते पर जल रही अगरबत्ती को खेत में रखने जाता है। मैंने अजयन से पूछा- कंबल में लिपटे शख्स से बुजुर्ग ने क्या सवाल पूछे?
मेरे पूछते ही अजयन सामने बैठे बुजुर्ग की तरफ मुड़ते हैं। दोनों के बीच कुछ देर बातें होती हैं। इसके बाद, अजयन बताते हैं- बुजुर्ग ने आत्माओं से पहला सवाल पूछा कि चिक्की ने खुदकुशी क्यों की?
कंबल में बंधे शख्स में आई पुरखों की आत्मा ने क्या जवाब दिया?
वह बताते हैं कि आत्माओं ने बताया कि चिक्की पिछले कुछ समय से तनाव में थी। घर वाले बात-बात पर उसे तंग करते थे, इसी कारण उसने खुदकुशी कर ली।
अजयन बताते हैं- ‘चिक्की की मौत को 10 दिन हो चुके हैं, लोगों का मानना है कि उसकी आस-पास ही कहीं भटक रही है। अब कुछ दिन बाद फिर यह रस्म होगी।’
बाकी आस-पास बैठे लोगों ने क्या पूछा?
बुजुर्ग बताते हैं- किसी ने अपने घर की कलह के बारे में पूछा तो किसी ने अपने बच्चों की बीमारी के बारे में।
क्या आत्माओं ने सबके जवाब दिए?, मैंने सवाल किया
बुजुर्ग बताते हैं- हां, आत्माओं ने सबको कुछ न कुछ उपाय बताए, लेकिन इस बारे में आपको नहीं बता सकता। नहीं तो उसका असर नहीं होगा।
इसके बाद, बुजुर्ग वहां से चले गए।
अजयन बताते हैं- ‘अडिया लोगों का मानना है कि पूर्वजों की आत्माएं केवल मृतक की आत्मा को रास्ता दिखाने नहीं आतीं, बल्कि वे अपने लोगों की परेशानियों और भविष्य के संकेतों के बारे में भी बताती हैं।’
‘अगर किसी परिवार पर कोई संकट हो, घर में परेशानी चल रही हो या गांव पर कोई मुसीबत आने वाली हो, तो लोग पूर्वजों की आत्माओं से उसके बारे में सवाल पूछते हैं। उनसे समस्या का समाधान भी पूछते हैं।’
‘खेती, बारिश, फसल और गांव के फैसलों तक के बारे में पुरखों की आत्माओं से सलाह ली जाती है। अडिया समुदाय का मानना है कि पुरखे हमेशा अपने लोगों की रक्षा करते हैं।’
क्या किसी भी शख्स के अंदर पुरखों की आत्मा आ जाती है?, मैंने सवाल किया
अजयन कहते हैं- ‘ऐसा नहीं है। गांव में कुछ ही बुजुर्ग ऐसे होते हैं, जिनके शरीर में आत्मा आती है। जहां तक बात आत्मा को बुलाने की है, तो इसके लिए मुरथम की थाप जरूरी है। बिना मुरथम के थाप के आत्माएं नहीं आतीं’
‘मुरथम की थाप के बिना आत्माएं क्यों नहीं आती?’
अजयन बताते हैं- ‘मुरथम, अडिया लोगों का प्रमुख वाद्य यंत्र है। इसकी खासियत यह है कि हर अवसर के लिए इससे निकलने वाली आवाज अलग-अलग होती है।
पुरखों की आत्मा को बुलाने के लिए अलग आवाज, विवाह या मृत्यु के शोक पर अलग आवाज, मुरथम हर बार अलग तरह से बजता है।
साथ में घुंघरू भी बजाना जरूरी होता है, क्योंकि इनके बिना कोई भी आयोजन पूरा नहीं माना जाता।’
इसी बीच, अडिया लोग आंगन में खड़े हो जाते हैं। बड़ी तादात में पान के पत्तों पर सुपारी सजाई जा रही है।

मेहमानों के लिए पान के पत्तों पर सजाई जा रही सुपारी।
अब एक लड़का इन पानों को बांटना शुरू करता है। उसके बाद एक दूसरा लड़का ग्लास में सभी को खीर जैसी कोई चीज परोसना शुरू करता है।
पूछने पर वे बताते हैं- ‘यह पायसम है। इसे गन्ने के रस में नारियल, ड्रायफ्रूट और चावल मिलाकर बनाया जाता है। यह गाढ़ा और पौष्टिक होता है।’ इसके बाद महिलाओं को भी पान दिया जाता है।
अब अजयन मुझे इस परिवार घर के अंदर ले जाते हैं। घर के अंदर चूल्हे पर खाना बन रहा है। दीवारों पर पेंटिंग की गई है। घर के अंदर एक पत्थर रखा है।
मैंने पूछा यह पत्थर क्या है?
अजयन बताते हैं- यह पत्थर ही इनका मंदिर है। यहां बैठकर अडिया परिवार के लोग अपने पुरखों का याद करते हैं। ये मूर्ति नहीं रखते, न पूजा में कोई सामान इस्तेमाल करते हैं।
बस एक पत्थर, जिसे ये अपना रक्षक मानते हैं।
यहां महिलाओं के पहनावे में काफी फर्क है। कुछ ने साड़ी के ऊपर ब्लाउज नहीं पहना है, तो कुछ ने पल्लू को ब्लाउज के तौर पर बांधा है।

एक बुजुर्ग महिला, जिन्होंने ब्लाउज की जगह साड़ी को लपेटा है।
थोड़ी ही देर बाद, एक लड़का हमें खाना खाने के लिए बुलाता है। सभी मर्द कतार में बैठते हैं। महिलाएं पत्तलों में खाना परोसती हैं। खाने में चावल, सब्जी, दाल, रसम, पापड़, छाछ और अचार है। अजयन के साथ मैं भी खाने का स्वाद लेती हूं।
कुट्टम त्योहार, पुरखों की आत्मा करती है न्याय
खाना खाते-खाते मैंने पूछा- अडिया लोग कोई त्योहार भी मनाते हैं?
अजयन बताते हैं- ‘कुट्टम, यहां का प्रमुख त्योहार है। फसलों की कटाई के बाद इस त्योहार को मनाते हैं। इस दौरान सभी लोग एक जगह इकट्ठा होते हैं। नए धान से भोजन बनाकर पुरखों की आत्माओं को भोग लगाते हैं।’
‘अडिया लोग मानते हैं कि इस दौरान जब मुरथम और ढोल की थाप गूंजती है, तो अडिया समुदाय के पुजारी के शरीर में पुरखों की आत्माएं उतरती हैं। गांव के आपसी विवाद या पारिवारिक झगड़े उन्हीं के सामने रखे जाते हैं। पुजारी जो भी फैसला सुनाता है, सबको मंजूर होता है।’
बीमारी और बुरी आत्माओं के लिए गाधिका अनुष्ठान
अजयन बताते हैं- ‘अडिया समुदाय के लोग गाधिका अनुष्ठान भी करते हैं। इसे बीमारी और बुरी आत्माओं को दूर भगाने के लिए किया जाता है।
अनुष्ठान में शामिल पुरुष और महिलाएं तरह सजते-संवरते हैं और गीतों की धुन पर नाचते हैं।
अनुष्ठान के पूरा होने से पहले पुजारी बीमार व्यक्ति के पास जाकर मंत्रोच्चार करता है। साथ ही पुरखों से प्रार्थना करता है कि बुरी आत्माओं को गांव से दूर ले जाएं।’

गाधिका अनुष्ठान के दौरान महिला परिधान में डांस करते पुरुष।
अडिया लोग मंदिर में करते हैं शादी
अब हम खाना खा चुके हैं। इसके बाद, अजयन मुझे अडिया लोगों के मंदिर ले जाते हैं। मंदिर में कोई मूर्ति नहीं है, सिर्फ एक पत्थर है। वे बताते हैं- ‘अडिया लोग इसी मंदिर में शादी करते हैं। शादी से एक रात पहले मंदिर में दो तुलसी की माला रखते हैं।
अगले दिन दूल्हा-दुल्हन बुजुर्गों के सामने एक-दूसरे को यह माला पहनाते हैं, और शादी की रस्म पूरी हो जाती है। इसे थापूकोडी कहते हैं। लड़की वाले दहेज में अनाज और नारियल देते हैं।’

शाम के 6 बज चुके हैं। हमें रात होने से पहले चेकाड़ी गांव से वायनाड के लिए निकलना है। जंगल को पैदल पार करने में करीब 40 मिनट लगेंगे।
चलते-चलते मैंने अजयन को बताया कि जंगलों में हमें अडिया समुदाय के कुछ लोग दिखे थे। जैसे ही हम उनके पास पहुंचे तो किसी ने हमें दूर ही रुकने को कहा, तो कोई हमें देखते ही भाग गया, ऐसा क्यों?
अजयन बताते हैं- ये लोग जल्दी किसी से घुलते-मिलते नहीं हैं। सरकार ने भी इनसे मिलने पर रोक लगाई है। बहुत मुश्किल से इनसे मिलने की परमिशन मिलती है।
मैंने कहा- हां, मुझे भी काफी परेशानी हुई। दो-तीन दिन तक परमिशन नहीं मिली। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने हमारे साथ एक ड्राइवर को जंगल के मुहाने तक भेजा। आगे का रास्ता हमने खुद तय किया।
वे बताते हैं- ‘यह जंगल हाथियों के उत्पात के लिए मशहूर है। इसलिए वन विभाग की सख्ती है। रात होते ही यहां से हाथियों के झुंड गुजरने लगते हैं।’
करीब 40 मिनट के बाद हम वहां पहुंच जाते हैं, जहां वन विभाग की गाड़ी खड़ी है। अजयन से विदा लेकर वायनाड की ओर चल देती हूं।

इस सीरीज में अगले हफ्ते पढ़िए केरल के चोला नाइकन की कहानी….
—————————————
1- ‘-10°C में मौत, लेकिन हम करते हैं नंगे बदन तपस्या’:ध्यान में ही थम जाती हैं हमारी सांसें, मरने के 15 दिन बाद अंतिम संस्कार

हिमालय। 3,600 मीटर की ऊंचाई पर यहां पारा -10 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क चुका है। हवा में ऑक्सीजन इतनी कम है कि हर सांस एक जद्दोजहद है। लेकिन इन बर्फीली हवाओं के बीच, सामने जो कुछ दिख रहा है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। यहां नजर आ रही छोटी-छोटी गुफाओं और पत्थरों पर कुछ लोग नंगे बदन आंखें बंद किए बैठे हैं। पूरी स्टोरी यहां पढ़ें
2- मुर्गी का कलेजा चीरकर कहा, ये चोर नहीं है:ससुराल पहुंचते ही बलि देती है दुल्हन, कटे सिर को मंदिर मानते हैं गालो

सुबह के 7 बजे हैं। अरुणाचल प्रदेश की एक पहाड़ी बस्ती में हूं। यहं एक घर पर लोगों की भीड़ जमा है। उन्हीं के बीच एक लड़का परेशान खड़ा है। थोड़ी देर में घर से एक बुजुर्ग बाहर आते हैं। काले कपड़े में, बाघ की खाल का जैकेट पहने। कंधे पर धनुष, पीठ पर तीरों से भरा तरकश लिए और सिर पर टोपी लगाए। पूरी स्टोरी यहां पढ़ें
