विदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य समुद्रपार नियोजन ब्यूरो, पटना की ओर से इजरायल में केयरगिवर (Caregiver) पद पर बहाली निकाली गई है। इस संबंध में सहायक निदेशक नियोजन सह अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी आज 27 मई 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के लिए 10वीं पास न्यूनतम योग्यता नियोजनालय से मिली जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक पास रखी गई है, जबकि अंग्रेजी भाषा का मध्यवर्ती स्तर का ज्ञान अनिवार्य होगा। पद के लिए भारतीय प्रशिक्षण संस्थान से नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स सहायक अथवा दाई प्रशिक्षण का डिप्लोमा आवश्यक बताया गया है। वहीं जीडीए, एएनएम, जीएनएम एवं बीएससी नर्सिंग योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। कुल रिक्तियों में 90 प्रतिशत पद महिला अभ्यर्थियों तथा 10 प्रतिशत पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊंचाई 1.5 मीटर एवं वजन कम से कम 45 किलोग्राम होना अनिवार्य होगा। साथ ही कम से कम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना जरूरी है। नियोजनालय की ओर से ये दिशा-निर्देश भी जारी नियोजनालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार अभ्यर्थी पूर्व में इजरायल में कार्यरत नहीं रहा हो। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के जीवनसाथी, माता-पिता अथवा बच्चे वर्तमान में इजरायल में कार्यरत या निवासरत नहीं होने चाहिए। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ अभ्यर्थियों को ही चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा ने इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि समाप्त होने से पहले अपना आवेदन कार्यालय में जमा कर दें। साथ ही नियोजनालय में अपना निबंधन कराना भी अनिवार्य बताया गया है। विदेश में रोजगार पाने की इच्छा रखने वाले स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े युवाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
Source link
