.
सदर अनुमंडल के आपूर्ति कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर सदर एसडीएम इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संदिग्ध राशन कार्डधारियों की जांच को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदर एसडीएम ने बताया कि विभागीय स्तर पर विभिन्न डाटा से मिलान करने पर बड़ी संख्या में अपात्र लाभुकों द्वारा राशन कार्ड का लाभ लेने का मामला सामने आया है।
जांच में पाया गया है कि करीब 5000 से अधिक लाभुक ऐसे हैं, जिनकी वार्षिक आय राशन कार्ड के लिए निर्धारित मानक से अधिक है। 9000 से ज्यादा राशन कार्डधारी ऐसे हैं, जिनके पास कई एकड़ भूमि है और वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का भी लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा 471 लाभुक ऐसे पाए गए हैं, जिनके पास चार पहिया वाहन हैं, जबकि 216 लाभुक किसी कंपनी में निदेशक या उच्च पद पर कार्यरत हैं और फिर भी राशन का लाभ ले रहे हैं। जांच में 24 ऐसे व्यक्ति भी चिह्नित किए गए हैं, जिनका जीएसटी टर्नओवर 25 लाख रुपये से अधिक है। इस प्रकार अब तक 15 हजार से ज्यादा राशन कार्डधारी संदिग्ध श्रेणी में पाए गए हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सभी संदिग्ध लाभुकों की गहन जांच की जा रही है और जांच के बाद अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड रद्द किए जाएंगे। साथ ही सरकारी अनाज की वसूली की कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने सभी बीएसओ को निर्देश दिया कि जांच प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही सरकारी नौकरी, पक्का मकान रखने वालों की भी जांच करने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने अपात्र लाभुकों से स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने की अपील की एवं ई-केवाईसी शीघ्र कराने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
