रोहतक के गांव काहनी में हुई ऑनर किलिंग मामले में पकड़े गए आरोपियों का केस एडिशनल सेशन जज अनिल कौशिक की कोर्ट में कमिट हो चुका है और आज कोर्ट में सुनवाई है। हालांकि इस मामले में अभी पुलिस की तरफ से चालान पेश नहीं किया गया है। कोर्ट ने पुलिस को चालान जल्द जमा करवाने के निर्देश पिछली तारीख पर दिए थे। गांव काहनी में 19 नवंबर को हुई ऑनर किलिंग मामले में मृतका की पहचान करीब 22 वर्षीय सपना पत्नी सूरज के रूप में हुई थी, जबकि घायल युवक की पहचान सूरज के छोटे भाई साहिल के रूप में हुई। रात करीब 11 बजे 4 लोगों ने घर में घुसकर सपना की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसे बचाने बीच में आए देवर साहिल को भी गोली मार दी, जिसका पीजीआई में इलाज करवाया गया। वारदात के दौरान घर पर सपना का पति सूरज नहीं था, जिसे भी मारने की फिराक में आरोपी थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को काबू कर लिया, जिनमें से एक नाबालिग है। कोर्ट के आदेश पर 3 आरोपी जेल में है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। इस मामले में आज कोर्ट में सुनवाई है। ग्राउंड की दीवार कूदकर घर में घुसे थे आरोपी
क्राइम सीन रि क्रिएट करने के दौरान आरोपियों ने बताया था कि घर के साथ ग्राउंड है, जिसकी दीवार को कूदकर वह घर में घुसे। इसके बाद घर में पहले सपना के कमरे में गए, जहां सपना के ऊपर संजू ने 5 राउंड फायर किए। इसके बाद दो राउंड संजू ने सपना के देवर साहिल पर किए। आरोपी राहुल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने भी गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन उसकी गोली पिस्तौल में ही फंस गई, जिसके कारण वह फायर नहीं कर सका। तीसरे आरोपी गौरव ने भी वारदात में अपना किरदार पुलिस को बताया है। जीजा-साले के बीच चल रहा था विवाद
आरोपी संजू का अपने जीजा सूरज के साथ विवाद चल रहा था। सूरज ने संजू की बहन से लव मैरिज की थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच कड़वाहट पैदा हो गई। वहीं, संजू व सूरज के बीच भी इसी बात के लेकर आपस में कई बार कहासुनी व झगड़ा भी हुआ। इसी से परेशान होकर संजू ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। कोर्ट में जल्द पेश किया जाएगा चालान
सदर थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में पुलिस अपना चालान तैयार कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद रिपोर्ट बनाई गई है। जल्द ही पुलिस चालान को कोर्ट में पेश कर देगी।
Source link
