नूंह जिले में पुलिस आगामी बकरीद (ईद-उल-जुहा) पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को एसपी डॉ. अर्पित जैन ने लघु सचिवालय में मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। इस दौरान कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार शांति और भाईचारे से मनाया जाए, लेकिन कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। एसपी डॉ. अर्पित जैन ने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे लोगों को कानून का पालन करने, अफवाहों से दूर रहने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ‘प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी ने दें’ अर्पित जैन ने कुर्बानी को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर और सरकारी नियमों के अनुरूप ही की जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धर्मगुरुओं ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और समाज में शांति, भाईचारा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया। बकरीद से पहले हुई इस बैठक को प्रशासन की सुरक्षा और सतर्कता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एसपी ने समाज से मांगा सहयोग बैठक में मेवात क्षेत्र की छवि खराब करने वाली गतिविधियों पर भी चिंता व्यक्त की गई। एसपी ने गौतस्करी, साइबर अपराध, नशा तस्करी, वाहन चोरी और युवाओं में बढ़ती लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए समाज से सहयोग मांगा। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी, जिसमें ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और स्टंटबाजी से बचने की बात कही गई, क्योंकि ये दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।
Source link
