जिले की पनवाड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 716 ग्राम डोडा चूरा और तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक जब्त की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। खानपुर डिप्टी गरिमा जिंदल के निकटतम सुपरविजन में पनवाड़ थानाधिकारी जाकिर हुसैन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने नाकाबंदी की। कस्बा पनवाड़ में पुलिस थाने के सामने संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 716 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवतार सिंह (26) पुत्र गुरमेल सिंह जाट और गुरविंदर (20) पुत्र तवेंद्र सिंह जाट के रूप में हुई है। ये दोनों पंजाब के बरनाला जिले की सेखा तहसील के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फसल कटाई के कार्य के चलते हार्वेस्टर मशीन लेकर इस जिले में ठहरे हुए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी बारां जिले के छबड़ा की तरफ से कोटा जिले के कनवास की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें रोका गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ ही तस्करी में उपयोग की गई बाइक को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
