पंजाब के उद्योगमंत्री संजीव अरोड़ा जानकारी देते हुए।
पंजाब में इंडस्ट्री को गैस की किल्लत से बचाने के लिए गैस पाइपलाइन बिछाई जाएगी। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने यह बात कही। उन्होंने साफ किया है कि रिहायशी एरिया में गैस की किल्लत नहीं है।
.
उन्होंने कहा कि दोराहा तक लाइन पहुंच गई है। जल्द ही लुधियाना इंडस्ट्री को कवर किया जाएगा। इसी तरह जालंधर को भी जोड़ा जाएगा। इससे इंडस्ट्री में गैस की कमी नहीं आएगी।
मंत्री ने कहा- सरकार ने इस साल 39 लाख PNG कनेक्शन देने का टारगेट रखा गया है। 1 लाख 30 हजार कनेक्शन बांटे जा चुके हैं। अब शहरों की हर गली तक PNG पहुंचाने का काम जारी है, जिससे टारगेट पूरा किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने आर्टिफिशियल दिक्कत बना रखी है। जहां-जहां गैस पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां स्थिति बेहतर है। सरकार लगातार काम कर रही है कि जल्द से जल्द हर जगह गैस पाइपलाइन बिछाई जाए।
अगर PNG गैस घरों में सप्लाई की जाए तो साल के 12 सिलेंडर के हिसाब से लोगों को करीब 1800 रुपए की बचत हो सकती है।
मंत्री ने कहा- हर जगह पाइपलाइन बिछाई जाएगी
मंत्री ने कहा कि जो इंडस्ट्री एलपीजी का इस्तेमाल करती हैं, उन्हें दिक्कत आ रही है। जबकि, जो नेचुरल गैस का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें कोई समस्या नहीं है। जहां-जहां पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां स्थिति बेहतर है। सरकार लगातार काम कर रही है कि जल्द से जल्द हर जगह गैस पाइपलाइन बिछाई जाए।
पहले घरों को जोड़ा, अब इंडस्ट्री को मिलेगी गैस
जानकारी के अनुसार, 7 जिलों में PNG पहुंच चुकी है। इनमें जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, नवांशहर, मोहाली, रूपनगर, और पटियाला शामिल हैं। इनमें 1 लाख 30 हजार कनेक्शन भी दिए जा चुके हैं। हालांकि, लोगों के विरोध के कारण इनका काम धीमा कर दिया गया था।
इसके अलावा मंडी गोबिंदगढ़ व राजपुरा में पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। अब जालंधर और लुधियाना में इंडस्ट्री को जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके लिए दोराहा तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है।

PNG कनेक्शन लेने की प्रक्रिया
इसे ऑनलाइन या ऑफलाइन, दोनों तरीकों से लिया जा सकता है। सबसे पहले अपने इलाके में काम करने वाली गैस कंपनी की वेबसाइट पर जाना होगा और ‘New PNG Connection’ के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद अपना नाम, पता और अन्य जरूरी जानकारी भरनी होती है।
फिर जरूरी दस्तावेज अपलोड कर फीस का भुगतान करना होता है। आवेदन सब्मिट करने के बाद एक रेफरेंस नंबर मिलता है, जिससे अपने आवेदन का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं। आमतौर पर 15 से 30 दिन के भीतर कनेक्शन इंस्टॉल कर दिया जाता है।

PNG कनेक्शन का खर्च
PNG कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सिक्योरिटी डिपॉजिट और इंस्टॉलेशन चार्ज देना होता है। फुल पेमेंट स्कीम में करीब 7090 रुपये तक का खर्च आता है, जिसमें सिक्योरिटी और एप्लिकेशन फीस शामिल है। वहीं, EMI स्कीम के तहत करीब 1090 रुपये देकर बाकी रकम किस्तों में चुकाई जा सकती है। सिक्योरिटी डिपॉजिट रिफंडेबल होता है, जबकि एप्लिकेशन फीस नॉन-रिफंडेबल रहती है।

पीएनजी कनेक्शन LPG से सस्ता पड़ेगा या महंगा
एक परिवार महीने में एक घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किलो) इस्तेमाल करता है तो उसका औसत खर्च करीब एक हजार रुपये बैठता है। वहीं, इसी गैस खपत को PNG में बदलकर देखें तो तकनीकी गणना के अनुसार एक एलपीजी सिलेंडर के बराबर लगभग 16-17 SCM (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) PNG लगती है। अगर किसी शहर में पीएनजी की औसत दर 50 रुपये प्रति SCM है, तो 17 SCM गैस का बिल करीब 850 रुपये आएगा।
यानी जहां LPG पर 1000 रुपये खर्च हो रहे थे, वहीं PNG पर 850 रुपये खर्च होंगे। इस तरह परिवार 150 रुपये प्रति माह बचा सकता है, जो सालभर में 1800 रुपये की बचत बन जाता है। इसलिए नियमित सप्लाई वाले क्षेत्रों में पीएनजी एलपीजी के मुकाबले सस्ती पड़ती है। हालांकि, सुविधा और उपलब्धता के आधार पर कुछ जगहों पर एलपीजी अभी भी जरूरी विकल्प बनी हुई है।


लुधियाना DC बोले- एक हफ्ते में स्थिति नॉर्मल होगी
लुधियाना में गैस सिलेंडर को लेकर DC हिमांशु जैन ने ऑयल कंपनियों और खाद्य विभाग के साथ हाई-लेवल मीटिंग के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पैनिक होने की जरूरत नहीं है। अगले एक हफ्ते के भीतर गैस बुकिंग और होम डिलीवरी का सिस्टम पूरी तरह नॉर्मल हो जाएगा।
DC ने आदेश दिए हैं कि अगर किसी इंडस्ट्री में वर्कर्स को छोटे सिलेंडरों की जरूरत है तो मालिक उनकी लिस्ट वेरिफाई कराकर सीधे एजेंसी से गैस ले सकता है। इससे मजदूरों को काम छोड़कर लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा और पलायन जैसी स्थिति पर रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। डोर-टू-डोर सप्लाई शुरू अगले 7 दिनों में पूरी तरह बहाल होगी। नॉन-डोमेस्टिक सिलेंडर बिना किसी शर्त के तुरंत 50% सप्लाई शुरू करने के आदेश दे दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री को PNG पर भारत सरकार की गाइडलाइंस के तहत 70% तक की छूट जल्द लागू होगी। पेट्रोल पंपों पर केरोसिन की उपलब्धता को लेकर कल सुबह 10 बजे फैसला करेंगे।
