सुलताना थाना पुलिस ने ऊंटों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्रूरतापूर्वक कंटेनर में भरकर वध के लिए ले जाए जा रहे 3 नर ऊंट और 3 मादा ऊंटनियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल हो रहे कंटेनर को जब्त कर लिया है। सुलताना थानाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम किठाना के मेघवालों के मोहल्ले में कुछ लोग एक कंटेनर में जबरदस्ती ऊंटों को भर रहे हैं, जिनके मुंह बंधे हुए हैं। इस सूचना पर सुलताना थाने के एएसआई (ASI) अनिल कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां एक कंटेनर (नंबर HR 66 C 3091) खड़ा था और ऊंटों को गाड़ी में चढ़ाने के लिए मिट्टी का एक रैंप बनाया हुआ था। पुलिस ने देखा कि ऊंटों के मुंह बंधे थे और उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में ठूंसा जा रहा था। क्रूरता के कारण 3 नर ऊंटों और 3 मादा ऊंटनियों के शरीर पर रगड़ और चोट के निशान थे और वे घायल अवस्था में थे।
मेवात के बूचड़खाने में वध के लिए ले जाने की थी तैयारी
पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक प्रवीण कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। चालक ने बताया कि वह अपने साथियों नजर मोहम्मद, विशाल और बाबूलाल के साथ मिलकर आस-पास के गांवों से ऊंट-ऊंटनियों को खरीदता है। इन सभी ऊंटों को वध करने के उद्देश्य से नूंह (मेवात) के बूचड़खाने में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
घायल ऊंटों को भेजा गया गौशाला, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 6 ऊंटों को तस्करों से मुक्त कराया और इलाज व देखभाल के लिए श्री श्याम गौशाला, सुलताना भिजवा दिया। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल हो रहे कंटेनर को जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्रवीण कुमार यादव (30 वर्ष), निवासी: गुआना, थाना बहरोड़ (कोटपूतली-बहरोड़), बाबूलाल (उम्र 45 वर्ष), निवासी: अजाड़ी खुर्द, थाना सदर झुंझुनूं, नजर मोहम्मद ( 45 वर्ष), निवासी: पटोदी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) और विशाल (23 वर्ष), निवासी: अजाड़ी खुर्द, थाना सदर झुंझुनूं को गिरफ्तार किया गया है।
Source link
