राजस्थान के प्रसिद्ध सिद्धपीठ सालासर बालाजी मंदिर में हिसार के श्रद्धालुओं के साथ निजी सुरक्षा गार्डों और बाउंसरों द्वारा की गई अभद्रता और मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेते हुए चुरु जिले के सुजानगढ़ उपखंड अधिकारी (SDM) ओमप्रकाश वर्मा ने श्री हनुमान सेवा समिति को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। बता दें कि रविवार को मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान बाउंसरों और हिसार के श्रद्धालुओं के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बाउंसरों ने श्रद्धालुओं के साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि मंदिर में मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इस घटना में पीड़ित व्यापारी संजय, उनकी पत्नी अनीता और भाई प्रवीण सहित कुल 6 लोगों ने हिसार के नागरिक अस्पताल पहुंचकर अपनी एमएलआर (MLR) कटवाई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सालासर मंदिर में मारपीट की PHOTOS… प्रशासन ने नोटिस में यह जानकारी
एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा द्वारा जारी नोटिस में मंदिर समिति से कई सवाल पूछे गए हैं। एसडीएम ने पूछा है कि मंदिर परिसर में तैनात गार्ड और बाउंसर किस निजी एजेंसी के माध्यम से लगाए गए हैं। उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया क्या रही है और उन्हें किस तरह के निर्देश दिए गए हैं। बार-बार इस तरह की घटनाएं सामने आने का मुख्य कारण क्या है। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं से न केवल मंदिर की छवि खराब हो रही है, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में रोष
इस घटना के बाद से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और दर्शनार्थियों ने मांग की है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को निजी हाथों से हटाकर सीधे प्रशासन के नियंत्रण में लिया जाए और परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
Source link
