![]()
आईपीएस जसलीन कौर ने पुलिस जिला डबवाली की एसपी का कार्यभार संभालते ही कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में उन्होंने देर शाम विभिन्न क्षेत्रों में थाना निरीक्षण और नाका चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय कपिल अहलावत सहित पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा। अभियान के तहत जिले के प्रमुख नाकों पर वाहनों की सघन जांच की गई। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। एसपी ने थानों का किया निरीक्षण इसके साथ ही, उन्होंने थाना शहर डबवाली, महिला थाना डबवाली और औढ़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रिकॉर्ड संधारण, लंबित मामलों की स्थिति, मालखाना, हाजत और साफ-सफाई जैसी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखें, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाएं तथा जवाबदेही सुनिश्चित करें। लोगों की सुनी शिकायतें निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने महिला थाना में आए परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले को बख्शा नहीं जाएगा एसपी जसलीन कौर ने स्पष्ट रूप से कहा कि नशा तस्करी, असामाजिक तत्वों एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से की सहयोग की अपील उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी या अपराध से संबंधित जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
