गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के करगीकला के पास सड़क हादसे में बाइक सवार प्रताप प्रधान की जान चली गई। कुम्हारी निवासी प्रताप को समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार प्रताप प्रधान बाजार में सब्जी बेचकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। करगीकला के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस टक्कर से प्रताप को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में सड़क किनारे गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे के बाद घायल प्रताप घंटों तक सड़क किनारे तड़पते रहे। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी सरकारी आपातकालीन सेवा मौके पर नहीं पहुंची। जब सरकारी मदद नहीं मिली, तो स्थानीय लोगों और परिजनों ने एक निजी वाहन की व्यवस्था की। घायल प्रताप को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आम पेड़ से गिरकर मौत वहीं पेंड्रा क्षेत्र में आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम को कोडगार चौकी क्षेत्र के ग्राम टीड़ी में हुई। मृतक की पहचान झोंकापारा निवासी पवन विश्वनाथ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पवन अपने पिता के साथ आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। गिरने से पवन को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
Source link
