छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। यह घटना धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे हुई। बताया जा रहा है कि बस कांकेर जिले के ग्राम अरौद (चारामा) से बारातियों को लेकर बालोद जिले के बड़गांव (डौंडीलोहारा) लौट रही थी। जानकारी के अनुसार शर्मा ट्रेवल्स की 52 सीटर बस (CG 07 E 1171) में करीब 50-60 बाराती सवार थे। जैसे ही बस जगतरा टोल प्लाजा के आगे पहुंची। अचानक गेयर बॉक्स के पास खराबी आई और बस के अंदर तेज धुआं भरने लगा। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस रोकी और सभी यात्रियों को जल्द बाहर निकलने के लिए कहा। खिड़कियों से कूदकर बचाई जान बस में बैठे बाराती अमन पटेल ने बताया कि धुआं फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर बाहर निकलने लगे। कई यात्री उस समय सो रहे थे। जिन्हें उठाकर बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। 5 मिनट में आग का गोला बनी बस कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 5 मिनट में बस आग के गोले में तब्दील हो गई। इस दौरान बस में रखा यात्रियों के कपड़े, बैग, मोबाइल चार्जर सहित अन्य वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। फायर ब्रिगेड ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और धमतरी से फायर ब्रिगेड बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ से दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद रात 2 बजे बारातियों को दूसरे बस से घर भेजा। शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुरुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
