![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के रूटुगुटू जंगल में बुधवार को सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के एक सुरक्षित ठिकाने को ध्वस्त कर दिया। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान एक लाख रुपए के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया। वह सागेन दस्ते का सक्रिय सदस्य था। लंबे समय से पुलिस की सूची में वांछित था। मुठभेड़ के बाद इलाके में चलाए गए सर्च अभियान में हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। इस कार्रवाई को कोल्हान क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। 45 मिनट तक चली गोलीबारी, भागे अन्य नक्सली पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल की रात गोइलकेरा के दुगुनिया गांव में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया उर्फ चांबरा की हत्या कर दी थी। घटना के बाद सागेन अंगरिया के नेतृत्व में नक्सली दस्ते के सदस्य कोल्हान के जंगलों में छिप गए थे। इसकी खुफिया सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने गोइलकेरा और टोंटो क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान बुधवार तड़के रूटुगुटू जंगल में नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से करीब 45 मिनट तक फायरिंग हुई, जिसमें इसराइल पूर्ति मारा गया। सुरक्षाबलों का दबाव बढ़ता देख अन्य नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। सुरक्षित रास्ते दिखाने में था एक्सपर्ट इसराइल पूर्ति मूल रूप से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा गांव का निवासी था। वह संगठन में एरिया कमांडर स्तर के नक्सलियों का करीबी और भरोसेमंद सदस्य माना जाता था। कोल्हान के दुर्गम जंगलों की भौगोलिक जानकारी होने के कारण वह दस्ते को सुरक्षित रास्ते उपलब्ध कराने और सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखने में अहम भूमिका निभाता था। उसके खिलाफ पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्या, अपहरण और आईईडी ब्लास्ट जैसी कई गंभीर घटनाओं में संलिप्तता के मामले दर्ज थे। हाल ही में हुए रमेश चांपिया हत्याकांड में भी उसकी सक्रिय भूमिका सामने आई थी। उसकी मौत को नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। कोल्हान में सक्रिय 20-30 नक्सलियों का दस्ता एसपी अमित रेणु ने बताया कि कोल्हान के जंगलों में 20 से 30 हथियारबंद नक्सलियों के सक्रिय होने की सूचना के बाद लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सैकड़ों जवान इलाके में तैनात कर घेराबंदी की गई है। जानकारी के मुताबिक, नक्सली सारंडा क्षेत्र से निकलकर कोल्हान के जंगलों में डेरा जमाए हुए हैं। सुरक्षाबलों की यह कार्रवाई नक्सलियों के बढ़ते मूवमेंट पर लगाम लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
Source link
