देसूरी-चारभुजा नाळ मार्ग पर बुधवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां डाक पार्सल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गया। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चारभुजा से देसूरी की ओर आ रहा था। पंजाब मोड़ से करीब 100 मीटर आगे अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सीधे चट्टान से जा टकराया। दुर्घटना के बाद लगा लंबा जाम हादसे के बाद नाळ मार्ग पर लंबा जाम लग गया। यह मार्ग पहले से ही संकरा है, जिस कारण बड़े वाहन वहां से नहीं निकल पाए। परिणामस्वरूप कई बसें और भारी वाहन रास्ते में फंस गए, जिससे यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर पूर्व में हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए बरसाती नाले में वाहनों के गिरने से बचाने के लिए रेलिंग लगाई गई है। हालांकि, इस रेलिंग के कारण सड़क की चौड़ाई करीब 5 फीट तक कम हो गई है, जिससे दुर्घटना के बाद स्थिति और जटिल हो जाती है। पुलिस ने लगाया बेरिकेड, क्रेन से हटेगा ट्रक स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देसूरी पुलिस ने हरिओम आश्रम के पास बेरिकेडिंग कर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को क्रेन की मदद से हटाने के बाद ही यातायात सुचारू हो सकेगा। समाचार लिखे जाने तक बुधवार शाम करीब 7:30 बजे तक नाळ मार्ग पूरी तरह बंद रहा और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।
Source link
