उत्तर छत्तीसगढ़ में लगातार बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में बारिश होने के कारण बुधवार को भी अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। हालांकि गुरुवार से बादल छंटने लगे हैं, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में शनिवार तक बादल छाए रहेंगे, इसके बाद तेजी से तापमान बढ़ेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से पिछले एक सप्ताह से बादल छाए हुए हैं और अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। लगातार बादल और बारिश के कारण मई के पहले सप्ताह में लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। बुधवार को भी संभाग के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। आज से छंटने लगेंगे बादल बुधवार को बलरामपुर जिले के रामानुजगंज समेत कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के चलते रामानुजगंज से बहने वाली कन्हर नदी का एनीकट पूरी तरह भर गया है। एक सप्ताह पहले तक यह एनीकट पूरी तरह सूखा पड़ा था। एनीकट भरने से गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से हो सकेगी। मौसम विभाग के अनुसार, संभाग में गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण अब बादल धीरे-धीरे छंटने लगेंगे। विभाग ने शनिवार तक मौसम में आए बदलाव का असर खत्म होने का अनुमान जताया है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। लू के थपेड़ों से राहत मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि लगातार बादल छाए रहने के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मई के पहले सप्ताह में यह अब तक का सबसे कम औसत तापमान माना जा रहा है।
Source link
