कैमूर में रामगढ़ प्रखंड के सगरा गांव में एक सेवानिवृत्त फौजी के बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर, नकदी और एक लाइसेंसी बंदूक चोरी हो गई। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता बिंदू देवी ने बताया कि वह 7 अप्रैल को अपने बीमार पति के इलाज के लिए बनारस गई थीं। घर पर कोई नहीं था, इसलिए उन्होंने मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था। एक महीने बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर में घुसकर अंदर से कुंडी लगाकर इत्मीनान से चोरी की। लगभग 70 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली बिंदू देवी के अनुसार, चोरों ने उनकी तीनों बहुओं के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान सहित लगभग 70 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली। इसके अलावा, उनके पति, सेवानिवृत्त फौजी परमहंस पांडे की लाइसेंसी बंदूक भी गायब है। किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी पीड़िता ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्होंने इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
Source link
