मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस बार ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मौके पर ही अपने लंबित ई-चालान का निष्पादन करा सकें। इसके लिए सिकंदरपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 23 काउंटर और 10 विशेष बेंच लगाए गए हैं। सुबह 8 बजे से ही लोग पहुंचने लगे। 12 बजते-बजते लोगों की लाइन करीब 150 मीटर लंबी हो गई। लोक अदालत में जनवरी 2023 से जनवरी 2026 तक के करीब 5 लाख लंबित ई-चालानों का निपटारा होगा। परिवहन विभाग की ‘एकमुश्त चालान निपटान योजना’ के तहत लोगों को चालान राशि में बड़ी राहत मिलेगी। महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था DTO कुमार सत्येंद्र ने बताया कि लोक अदालत में ट्रैफिक चालान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। कई मामलों में चालान राशि में करीब 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। जिससे वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ कम होगा। इसके कुल लिए 23 काउंटर बनाए गए हैं। 1 और 2 को हेल्प डेस्क सह टोकन काउंटर बनाया गया है, जहां लोगों को सहायता और टोकन उपलब्ध कराया जाएगा। काउंटर 3 से 12 तक ई-चालान का सत्यापन और राशि संशोधन का कार्य होगा। काउंटर 13 से 23 तक भुगतान काउंटर बनाए गए हैं, जहां नकद और यूपीआई दोनों माध्यमों से भुगतान किया जा सकेगा। विशेष रूप से काउंटर 13, 21, 22 और 23 पर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था रहेगी। सुनवाई के बाद मौके पर ही अवार्ड लेटर यानी फैसले की प्रति भी दी जाएगी, जिससे मामला तुरंत समाप्त माना जाएगा। स्टेडियम में एक काउंटर एस्पेशली महिला दिव्यांग और बुजुर्ग के लिए लगाया गया है। लोगों को इंतजार करने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की गई है, साथ ही नाश्ता-पानी के लिए जीविका दीदी का काउंटर लगाया गया है। अधिकारियों की तैनाती, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पूरे आयोजन के लिए जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की बड़ी टीम तैनात की गई है। विभिन्न काउंटरों पर परिवहन विभाग के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और तकनीकी कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सॉफ्टवेयर या भुगतान संबंधी समस्या के त्वरित समाधान के लिए अलग से तकनीकी टीम भी मौजूद है।
Source link
