शहडोल जिले में अवैध कोयला उत्खनन का एक बड़ा मामला सामने आया है। बुढार थाना पुलिस ने सोमवार शाम को जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपए का अवैध कोयला जब्त किया। मौके से एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर स्थित जमुनिहा नाला इलाके में लंबे समय से चोरी-छिपे कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल क्षेत्र में दबिश दी। वाहन छोड़कर मौके से फरार हुए लोग पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद लोग अपने वाहन छोड़कर फरार हो गए। तलाशी में मात्रा में अवैध कोयला मिला, जिसे जमीन के नीचे गुफानुमा खदानें बनाकर निकाला जा रहा था। जांच में पता चला है कि अवैध उत्खननकर्ता सुनसान इलाके में खतरनाक तरीके से सुरंगें खोदकर कोयला निकाल रहे थे। ये अवैध खदानें किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में कोयले का अवैध परिवहन किया जा रहा था, और कार्रवाई के अभाव में यह कारोबार लगातार बढ़ रहा था। जेसीबी और ट्रैक्टर जब्त, जांच जारी पुलिस ने मौके से उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पुलिस अब वाहन मालिकों और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि अवैध कोयले की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं। बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि जमुनिहा नाला क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि मौके से एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर जब्त कर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link
