जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गेमिंग ऐप और KYC अपडेट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक फारूक के नेतृत्व में गठित टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगड़ी गांव और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया स्थित पलाश झुंड में छापेमारी की। इस दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गुलाम मोहम्मद (30 वर्ष) और मोहम्मद मकबूल अंसारी (31 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है। मोबाइल और सिम कार्ड बरामद गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं। हेडक्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। वे गेमिंग ऐप के ग्राहकों को कॉल कर रिचार्ज और कूपन के नाम पर झांसा देते थे। इसके अलावा, आरोपी लोगों को विभिन्न बैंकों के ऐप डाउनलोड करवाकर उनके खातों तक पहुंच बना लेते थे और फिर पैसे निकाल लेते थे। इतना ही नहीं, वे खुद को जियो कस्टमर केयर का कर्मचारी बताकर KYC अपडेट कराने और आकर्षक रिचार्ज ऑफर का लालच देकर भी लोगों से ठगी करते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त थे। न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब साइबर ठगी के मामलों में पहले से जेल जा चुके हैं। अपराधियों को निगरानी समिति के दायरे में लाया जाएगा और उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके।
Source link
