डूंगरपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा किया है। कुआं थाना पुलिस ने इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने डूंगरपुर सहित गुजरात के हिम्मतनगर और अन्य क्षेत्रों में भी वारदातें करना स्वीकार किया है। थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई 20 मार्च को हुई एक घटना के बाद शुरू की गई थी। चिखली निवासी नर्मदा देवी (70) अंबामाता मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। पाटीदार मोहल्ले में एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनके गले से 2 तोले सोने की चेन झपट्टा मारकर छीन ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रघुवीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी वारदात के बाद दूसरे राज्य भाग गए थे। तकनीकी साक्ष्य और सूचना के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी वर्तमान में डूंगरपुर जिला कारागृह में किसी अन्य मामले में बंद हैं। पुलिस टीम ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए गोपाल, दिनेश और संजीदास नामक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने कुआं थाना क्षेत्र की वारदात के अलावा हिम्मतनगर गुजरात, पीपलखूंट प्रतापगढ़, घाटोल बांसवाड़ा और सरोदा डूंगरपुर में भी चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस इन आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है, जिससे कई और मामलों के खुलासे की संभावना है।
Source link
