मोहाली में गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी मांगने का एक और मामला सामने आया है। इस बार निशाने पर शहर का एक नामी प्रॉपर्टी डीलर आया है, जिसे गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से कॉल कर 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का दावा किया गया है। प्रॉपर्टी डीलर का राजनीतिक कनेक्शन भी बताया जा रहा है और वह कई कांग्रेस नेताओं का करीबी माना जाता है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को उस कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंप दी है, जिसमें कथित तौर पर रंगदारी मांगी गई थी। अब पुलिस रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबर और कॉल डिटेल के आधार पर जांच कर रही है। पहले नाम लिया फिर करीबी का जिक्र जानकारी के मुताबिक प्रॉपर्टी डीलर के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया। कॉल करने वाले ने पहले प्रॉपर्टी डीलर का नाम लिया और फिर उसके एक बेहद करीबी व्यक्ति का जिक्र किया। इससे प्रॉपर्टी डीलर घबरा गया, क्योंकि कॉल करने वाले को उसकी निजी जानकारी भी पता थी। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर ने जवाब में कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं हैं और वह मेहनत से काम करके कमाई करता है। इस पर कॉल करने वाले ने धमकी भरे लहजे में कहा कि जल्द पैसे का इंतजाम कर लो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना। धमकी मिलने के बाद प्रॉपर्टी डीलर ने तुरंत पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल वास्तव में गैंगस्टर नेटवर्क से की गई थी या फिर किसी ने गैंगस्टर का नाम लेकर डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की। सिक्योरिटी लेने के एंगल से भी जांच पुलिस इस मामले को केवल रंगदारी के एंगल से ही नहीं देख रही, बल्कि दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं यह मामला पुलिस सिक्योरिटी हासिल करने के लिए तो नहीं बनाया गया। दरअसल पंजाब सरकार ने हाल ही में उन लोगों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू की है, जिन्हें पुलिस सिक्योरिटी मिली हुई है। सरकार ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि यह जांच की जाए कि किस व्यक्ति को किस आधार पर सुरक्षा दी गई थी, आवेदन में क्या कारण बताए गए थे और किस अधिकारी ने उसे वेरीफाई किया था। इसी कारण पुलिस इस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बाहर नहीं निकल रहा प्रॉपर्टी डीलर सूत्रों के मुताबिक गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से धमकी भरी कॉल आने के बाद से प्रॉपर्टी डीलर पूरी तरह सहमा हुआ है। बताया जा रहा है कि कॉल के बाद उसने खुद को लगभग पब्लिक लाइफ से अलग कर लिया है। जो व्यक्ति पहले दिनभर शहर में एक्टिव रहता था, वह अब घर से बाहर निकलने से भी बच रहा है। प्रॉपर्टी डीलर का रोज का रूटीन काफी एक्टिव हुआ करता था। सुबह से लेकर देर शाम तक वह अपने ऑफिस में मौजूद रहता था। प्रॉपर्टी से जुड़े कारोबार, मीटिंग्स और जमीनों के सौदों को लेकर उसकी लगातार आवाजाही रहती थी। शहर में जहां भी नई कॉलोनियां कट रही होती थीं या बड़े प्रोजेक्ट चल रहे होते थे, वहां उसकी मौजूदगी आम बात मानी जाती थी। प्रॉपर्टी डीलर अपने दोस्तों और कारोबार से जुड़े लोगों के साथ अक्सर अलग-अलग प्रॉपर्टी साइटों पर जाता था। कई बार उसे देर रात तक भी लोगों के साथ बैठकों और जमीनों के निरीक्षण के दौरान देखा जाता था। राजनीतिक हलकों में भी उसकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। कांग्रेस नेताओं के साथ उसकी नजदीकियों की चर्चा अक्सर रहती थी और कई सार्वजनिक कार्यक्रमों, उद्घाटनों और राजनीतिक बैठकों में भी वह नजर आता था। लेकिन धमकी भरी कॉल आने के बाद उसका पूरा व्यवहार बदल गया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से वह न तो ऑफिस पहुंच रहा है और न ही पहले की तरह सार्वजनिक जगहों पर दिखाई दे रहा है। उसके करीबी लोगों का कहना है कि वह फिलहाल बेहद डरा हुआ है। प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी मूवमेंट भी काफी सीमित कर दी है। वह केवल बेहद जरूरी लोगों से ही संपर्क कर रहा है। यहां तक कि कई कारोबार से जुड़ी मीटिंग्स भी रद्द कर दी गई हैं।
Source link
