चंडीगढ़ में वाहन मालिकों को जल्द नई फैंसी नंबर सीरीज मिलने जा रही है। रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA) अगले सप्ताह के अंत तक नई वाहन नंबर सीरीज CH-01-DE लॉन्च करने की तैयारी में है। प्रशासन ने इसकी लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और अब अंतिम स्तर की तैयारियां चल रही हैं। नई सीरीज में कुल 9,999 नंबर होंगे। इनमें से 272 नंबरों को फैंसी नंबर श्रेणी में रखा गया है, जिन्हें ई-ऑक्शन के जरिए अलॉट किया जाएगा। पिछली बार की तरह प्रोसेस रहेगा ऑनलाइन फैंसी नंबरों की रिजर्व प्राइस 50 हजार रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक तय की जाएगी। यह दरें पहले की नीलामी प्रक्रिया के समान रहेंगी। मौजूदा सीरीज में अभी करीब 1,200 से 1,500 नंबर उपलब्ध हैं। इसी को देखते हुए नई सीरीज लॉन्च करने की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। पिछली बार की तरह इस बार भी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इच्छुक वाहन मालिकों को RLA की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा और निर्धारित फीस जमा करनी होगी। केवल चंडीगढ़ पते वाले वाहन मालिक ही होंगे पात्र ई-ऑक्शन में वही लोग हिस्सा ले सकेंगे, जिनके वाहन चंडीगढ़ के पते पर रजिस्टर्ड होंगे। अधिकारियों का कहना है कि फैंसी नंबरों की नीलामी प्रशासन के लिए राजस्व जुटाने का बड़ा स्रोत बन चुकी है। पिछले वर्षों में भी कई VIP और पसंदीदा नंबर लाखों रुपए में बिक चुके हैं, जिससे प्रशासन को अच्छी आय हुई थी। फैंसी नंबरों की नीलामी पूरी होने के बाद CH-01-DE सीरीज आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। इसके बाद वाहन मालिक निर्धारित शुल्क जमा कर अपनी पसंद के नंबर चुन सकेंगे।
Source link
