चंडीगढ़ में कई दिनों से साइकिल पर घूमकर युवतियों को निशाना बना रहे सिरफिरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी सूरज के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सेक्टर-15 स्थित गर्ल्स पीजी के पास से काबू किया और बाद में सेक्टर-39 थाना पुलिस को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार आरोपी ने सेक्टर-16 और सेक्टर-37 में युवतियों के घरों और पीजी में घुसकर चाकू की नोक पर छेड़छाड़ की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। खुली कुंडी का फायदा उठाकर अंदर घुसा आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। वह पहले देर रात और अलसुबह के समय अलग-अलग सेक्टरों में साइकिल पर घूमकर इलाके की रेकी करता था। खासतौर पर उन मकानों, पीजी और किराये के कमरों को निशाना बनाता था जहां छात्राएं और कामकाजी युवतियां रहती थीं। आरोपी पहले यह देखता था कि किस घर या पीजी का मुख्य गेट खुला है, कहां कमरे की कुंडी ठीक से बंद नहीं है और किस जगह सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है। मौका मिलते ही वह चुपचाप अंदर घुस जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात के दौरान अपने साथ चाकू भी रखता था ताकि विरोध होने पर डराया-धमकाया जा सके। यही वजह थी कि घटनाओं के बाद कई सेक्टरों में रहने वाली छात्राओं और उनके परिजनों में दहशत फैल गई थी। खासकर पीजी संचालकों और किराये पर रहने वाली युवतियों ने रात के समय बाहर निकलना कम कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की थीं। थाना पुलिस के साथ पीसीआर जवानों को भी रात के समय लगातार गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। जिन सेक्टरों में घटनाएं हुईं वहां की सड़कों, मार्केट, पार्क और रिहायशी इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज घंटों खंगाली गई। पुलिस ने अलग-अलग रूटों की फुटेज जोड़कर आरोपी की मूवमेंट ट्रेस की। दिन में भी पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों में पूछताछ कर रही थीं, जबकि रात के समय पीसीआर और थाना पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। आखिरकार रविवार रात सेक्टर-15 के गर्ल्स पीजी के पास आरोपी दोबारा संदिग्ध हालत में दिखाई दिया, जहां लोगों की सतर्कता और पुलिस की तेजी से उसे काबू कर लिया गया। आधी रात को पकडा आरोपी बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 12 बजे आरोपी सेक्टर-15 के एक लड़कियों के पीजी में चाकू लेकर घुस गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने उसे संदिग्ध हालत में देख लिया और तुरंत शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पहली वारदात 13 मई की रात सेक्टर-16 में हुई थी। आरोपी एक पीजी में घुसा और वहां रह रही युवती के साथ चाकू की नोक पर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने युवती पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, लेकिन शोर मचने पर फरार हो गया। करीब दो घंटे बाद अलसुबह चार बजे सेक्टर-37 में दूसरी घटना हुई। यहां आरोपी एक मकान में घुस गया, जहां ऊपरी मंजिल पर अलग-अलग कमरों में युवतियां रहती हैं। एक कमरे की कुंडी खुली होने का फायदा उठाकर आरोपी अंदर पहुंचा और युवती के साथ जबरदस्ती करने लगा। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला था।
Source link
