बहरोड़-पहाड़ी रोड पर मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। हादसे दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मोहम्मदपुर गांव के पास हुई। सदर थाना पुलिस के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया- पार्क अस्पताल में काम करने वाली लाली देवी (50) पत्नी राजाराम और शीला देवी (57) पत्नी पप्पूराम मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अपने गांव लौट रही थीं। उन्होंने रास्ते में जा रहे बाइक सवार रामसिंह (40) पुत्र हरनाथ गुर्जर से लिफ्ट मांगी। रामसिंह भी ड्यूटी कर अपने गांव लौट रहे थे। तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर पुलिस ने बताया- तीनों मोहम्मदपुर गांव के पास पहुंचे, तो सामने से तेज गति से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और लहूलुहान हो गए। लीला देवी ने तोड़ा दम हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत एक पिकअप वाहन से बहरोड़ के पार्क अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने लाली देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि शीला देवी और रामसिंह का उपचार जारी है। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। मृतका के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
Source link
