पूर्णिया में महिला के हैंडबैग से हेरोइन निकली। लेडी धंधेबाज ने बैग में 72.50 ग्राम ड्रग्स हेरोइन छिपा रखी थी। पुलिस से बचने के लिए प्राइवेट गाड़ी के बजाए वो बस से सफर करती थी। पुलिस ने इस धंधे में महिला के बराबर के हिस्सेदार युवक को भी पकड़ा है। इस धंधे में उनके साथ तीसरा पार्टनर भी है। तीनों मिलकर असम के सिलचर से हेरोइन लाते। वहां होटल में त्रिपुरा के धंधेबाज से हीरोइन की डील होती। इसके बाद वे खेप को बिहार लाकर गांव-गांव घूमकर बेचते। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी से पूर्णिया आ रही एक बस में छापेमारी कर महिला तस्कर समेत एक अन्य धंधेबाज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने डगरूआ NH 31 के बरसौनी टोल प्लाजा के पास धंधेबाजों को पकड़ा। उनके पास से 72.50 ग्राम ड्रग्स हेरोइन मिला है। पुलिस अब इस गिरोह के तीसरे सदस्य की तलाश में जुटी है। पुलिस अब इस गिरोह के तीसरे सदस्य की तलाश में जुटी है। वाहन जांच शुरू किया गया गिरफ्तार तस्करों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर वार्ड-3 निवासी ममता देवी (40) और मनीष कुमार (22) के रूप में हुई है। डगरूआ थाना के अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार गौतम ने बताया कि डगरूआ पुलिस टीम रात में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से आने वाली बस में हेरोइन की बड़ी खेप लेकर दो तस्कर पूर्णिया की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। NH-31 पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जैसे ही संदिग्ध बस बरसौनी टोल प्लाजा पहुंची, पुलिस ने बस को रोककर सघन तलाशी शुरू कर दी।
पुलिस को देखकर घबरा गए थे तलाशी के दौरान एक सीट पर बैठे युवक और महिला पुलिस को देखकर घबरा गये। दोनों जल्दबाजी में बस से उतरकर निकलने की कोशिश करने लगे। उनकी हरकत देखकर पुलिस को शक हुआ और तुरंत रोककर पूछताछ की गई। पहले तो दोनों इधर-उधर की बातें करते रहे, लेकिन सख्ती बढ़ते ही दोनों ने ड्रग्स होने की बात कबूल कर ली। महिला के पास मौजूद हैंडबैग की तलाशी लेने पर 72.50 ग्राम हेरोइन निकली। तस्करों ने बताया कि उनका तीसरा साथी विकास कुमार भी इस धंधे में शामिल है, जो फिलहाल फरार है। तीनों मिलकर असम के सिलचर से हेरोइन लाते थे। वहां होटल में ठहरकर त्रिपुरा के एक व्यक्ति रूपन उरांग से ड्रग्स खरीदते थे। इसके बाद बिहार लाकर गांव-गांव घूमकर हेरोइन बेचते थे। पुलिस अब फरार आरोपी विकास कुमार और सप्लायर रूपन उरांग की तलाश में जुट गयी है। डगरूआ पुलिस ने दोनों गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
