रोहतक जिले के लाखन माजरा थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक कार ड्राइवर 18 लीटर डीजल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हो गया। जब सेल्समैन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोनीपत जिले के धनाना गांव निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भगवतीपुर स्थित जीओ पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है। रात करीब 12 बजे एक बिना नंबर की सिल्वर कलर की रिट्ज कार पेट्रोल पंप पर आई। ड्राइवर के हावभाव संदिग्ध लगने पर अनिल ने पहले उसे तेल डालने से मना कर दिया था। 18 लीटर डीजल भरवाकर भागा लगभग 20 मिनट बाद वही गाड़ी दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंची। इस बार अनिल ने कार में 18 लीटर डीजल भर दिया, जिसकी कीमत 1,639 रुपए थी। ड्राइवर ने पैसे देने से इनकार कर दिया और कथित तौर पर 1100 रुपए अतिरिक्त मांगे, यह कहते हुए कि वह किसी साथी से ऑनलाइन भुगतान करवा देगा। सैल्समैन की आंख पर मुक्के मारे जब कार ड्राइवर बिना भुगतान किए गाड़ी लेकर भागने लगा, तो अनिल ने उसे रोकने के लिए कंडक्टर साइड से कार में बैठने की कोशिश की। ड्राइवर ने गाड़ी को गलत दिशा में रोहतक की ओर भगाया और अनिल की आंख पर मुक्के मारे, जिससे उसे शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। बीच रास्ते में ड्राइवर ने अनिल को गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गया। सैल्समैन घायल, कार ड्राइवर पर केस पेट्रोल पंप का अन्य स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और घायल अनिल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। अब उसे पीजीआई से छुट्टी मिल गई है। लाखन माजरा पुलिस ने अनिल कुमार की शिकायत पर अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Source link
