जहानाबाद में गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं। जनता दरबार के दौरान कुल 12 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें भूमि विवाद, आपसी मारपीट, पुलिस कार्रवाई में लापरवाही, पारिवारिक विवाद तथा अन्य स्थानीय समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं। एसपी ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कई मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जनता दरबार के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं को सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिलने पर संतोष जताया। आम लोगों का कहना था कि इस प्रकार की पहल से उनकी शिकायतें बिना किसी बिचौलिये के सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंच रही हैं, जिससे समाधान की उम्मीद बढ़ी है। पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाना है। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता बढ़ती है तथा लोगों का पुलिस व्यवस्था के प्रति भरोसा भी मजबूत होता है।
Source link
