मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता अशोक सिंह ने विधायक अब्बास अंसारी के हालिया दावों पर पलटवार किया है। अब्बास अंसारी ने ’18 गांव बसाने’ और शहीद ब्रिगेडियर उस्मान को अपना ‘परनाना’ बताने का दावा किया था, जिसे अशोक सिंह ने ‘झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति’ करार दिया है। अशोक सिंह, जो 2022 विधानसभा चुनाव में सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी थे, ने अब्बास अंसारी के इन दावों पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस परिवार पर जमीन कब्जाने, भय और अपराध की राजनीति के आरोप लगे हों, वह खुद को ‘जमींदार’ बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। भाजपा नेता ने सवाल किया, “जिसके पिता पांच बीघा जमीन छुड़ाने के लिए हत्या तक करा देते हों, वह किस बात के जमींदार हैं?” उन्होंने आगे कहा कि यदि वे इतने बड़े जमींदार थे, तो जमीनें बंधक क्यों रखी गईं और बाद में गांव-गांव जाकर जमीनें क्यों खरीदनी पड़ीं? अशोक सिंह ने दावा किया कि मुख्तार अंसारी परिवार ने लोगों को बसाने का नहीं, बल्कि उजाड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि परिवार ने तीन-चार गांवों में जमीन खरीदी है; यदि वे पुश्तैनी जमींदार होते, तो उन्हें जमीन खरीदने की आवश्यकता ही क्यों पड़ती? ब्रिगेडियर उस्मान को लेकर दिए गए बयान पर भी अशोक सिंह ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के लिए शहीद हुए ‘नौशेरा के शेर’ ब्रिगेडियर उस्मान ने राष्ट्र सेवा के लिए विवाह तक नहीं किया था। ऐसे में उन्हें अपना ‘परनाना’ बताना सरासर झूठ है। अशोक सिंह ने कहा, “जो व्यक्ति शादी ही नहीं किया, उसके परनाती कैसे हो सकते हैं? देश के लिए शहीद हुए वीर सैनिक के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है।” उन्होंने मुख्तार अंसारी परिवार पर अपराध और अफवाह की राजनीति करने का आरोप लगाया। अशोक सिंह ने कहा कि ये लोग चुनाव के समय ‘प्रवासी पक्षी’ की तरह आते हैं और चुनाव खत्म होते ही गायब हो जाते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि योगी सरकार में अपराध और माफियागिरी को संरक्षण नहीं मिलेगा तथा कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय है।
Source link
