मुख्य बातें

बदायूं के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़: गंगा दशहरा पर स्नान के लिए उमड़े, मेले जैसा माहौल – Badaun News

बदायूं के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़:  गंगा दशहरा पर स्नान के लिए उमड़े, मेले जैसा माहौल – Badaun News

गंगा दशहरा के पावन पर्व पर सोमवार को बदायूं के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कछला गंगाघाट के साथ अटैना और दातागंज क्षेत्र के रामगंगा घाटों पर आधी रात से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। भोर होते ही श्रद्धालुओं ने गंगा और रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाई। महिलाएं घाट किनारे पूजा-अर्चना करती दिखीं, वहीं पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करा रहे थे। घाटों पर घंटियों की आवाज, भजन-कीर्तन और ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों से माहौल गूंज उठा। कछला घाट पर विशेष रौनक देखने को मिली। घाट के आसपास लगी अस्थायी दुकानों पर फूल-माला, प्रसाद और पूजन सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। बच्चों और युवाओं में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। कई लोग गर्मी से राहत पाने के लिए देर तक पानी में स्नान करते रहे। इसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। घाटों पर पुलिस बल और गोताखोर लगातार निगरानी कर रहे थे, जबकि लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की अपील की जा रही थी। सुबह से ही घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बनी। हालांकि, श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहा। प्रशासन का अनुमान है कि देर शाम तक स्नान-पूजन का यह सिलसिला जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *