रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। महिला प्रिंसिपल आयशा (उम्र करीब 25 वर्ष) ने अपने पति और ससुराल के चार अन्य सदस्यों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। वह गंभीर रूप से झुलसी हुई हैं और जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। आयशा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका निकाह 22 दिसंबर 2025 को रईस अहमद के साथ हुआ था। रईस अहमद नोएडा में चिकन बिरयानी की दुकान चलाते हैं, जबकि आयशा गांव के एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल हैं। आयशा के अनुसार, शादी के शुरुआती एक महीने तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये नकद और एक कार की मांग करने लगे, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी आयशा ने यह भी बताया कि निकाह के बाद उन्हें पता चला कि उनके पति का पहले शहनाज नाम की महिला से निकाह हो चुका था, जिसका बाद में तलाक हो गया था। इसके बावजूद रईस अहमद अपनी पहली पत्नी से छिपकर बातचीत करते थे। जब आयशा ने इसका विरोध किया, तो विवाद और बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आयशा ने पुलिस को मारपीट का एक वीडियो भी सौंपा है, ताकि जांच में सच्चाई सामने आ सके। जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती पीड़िता का आरोप है कि बुधवार तड़के करीब पांच बजे पति रईस अहमद, देवर अमीर अहमद, देवरानी गजाला और जेठ अकील अहमद ने मिलकर उस पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गईं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। आयशा ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना प्रभारी करम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रार्थना पत्र और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आयशा के पति रईस अहमद से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
Source link
