जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज अपनी गौरक्षा यात्रा के तहत उत्तर प्रदेश के भ्रमण पर हैं। आज वे बांदा जनपद से फतेहपुर जिले पहुंचे, जहां सनातनियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उनकी यात्रा बेंदा घाट से मुततौर होते हुए बहुआ से सुजानपुर गांव पहुंची। सुजानपुर गांव में गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने अपने पति धर्मेंद्र कुमार के साथ सैकड़ों ग्रामीणों के नेतृत्व में शंकराचार्य का स्वागत किया। ग्रामीणों ने उनके चरण धोकर आरती उतारी, फूलमालाएं और अंग वस्त्र भेंट कर अभिवादन किया। यात्रा के दौरान, अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले हिंदू और सनातनी का मुखौटा ओढ़कर जनता से वोट हासिल किए और गौ माता के नाम पर प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज देश भर में बूचड़खाने खोलकर भारत को बीफ निर्यात में नंबर एक बना दिया गया है। शंकराचार्य ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सभी बूचड़खानों को चलाने के लिए सुविधाएं दी हैं, जिसमें 10 करोड़ से 50 करोड़ रुपये तक की सहायता शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने “खूब गाय काटो और खूब बेचो” का संदेश दिया है। अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में बिकने वाले मांस का आधा हिस्सा उत्तर प्रदेश से आता है। उन्होंने सवाल उठाया कि गेरुआ वस्त्र धारण करने वाले योगी महाराज, जो एक संन्यासी हैं, अपने ही प्रदेश में सबसे ज्यादा गायों को कटवाकर बेचने का काम क्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे सच्चे साधु होते, तो अपने राज्य में गायों को काटने और बेचने की अनुमति नहीं देते। उन्होंने असम चुनाव का भी जिक्र किया, जहां भाजपा ने गौमांस खाने वालों से वोट लेने के लिए उनका समर्थन किया था, यह कहते हुए कि “हमें गाय खाने वालों का भी वोट चाहिए।” अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने योगी और मोदी की तुलना रावण से की, जिसने भेष बदलकर सीता माता का हरण किया था। उन्होंने कहा कि योगी और मोदी गेरुआ रंग ओढ़कर सनातनी हिंदुओं को वोट के लिए ठगने में जुटे हैं। उन्होंने वर्तमान सरकार को हिंदुओं के लिए “राक्षस” की उपाधि देते हुए योगी और मोदी को “कालनेमि” बताया।
Source link
