सिरसा जिले के डबवाली में स्टेट हाईवे नंबर 32 पर गांव बिज्जुवाली में बाबा रामदेव मंदिर के पास एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सिरसा रेफर कर दिया गया है।
.
जानकारी के अनुसार, डबवाली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने रामगढ़ गांव की ओर से आ रहे मोटरसाइकिल सवार कालूराम (50 वर्ष) को टक्कर मार दी। कालूराम हरे चारे लेकर अपने गांव दारेवाला लौट रहे थे। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर दुकान के आगे खड़ी एक अन्य कार से टकरा गई, जिससे वह कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में घायल व्यक्ति को उठा कर ले जाते हुए आसपास के लोग।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कालूराम को सड़क से उठाकर किनारे पर लेटाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कालूराम को सिरसा रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। समाचार लिखे जाने तक कालूराम बेसुध अवस्था में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
