भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन और झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन। (बाएं से दाएं)
घाटशिला उपचुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश सोरेन और भाजपा के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दिन दोनों प्रमुख दलों के शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे।
.
घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में नॉमिनेशन होगा। झामुमो प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सीपीआई से महेंद्र पाठक, राजद के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता समेत कोल्हान क्षेत्र के सभी विधायक, पार्टी के सांसद और पूर्व विधायक रहेंगे। नामांकन के बाद एक रैली होगी, फिर सर्कस मैदान में चुनावी सभा होगी। जिसमें गठबंधन के सभी प्रमुख नेता और विधायक मौजूद रहेंगे।
नामांकन के बाद भाजपा की ओर से भी सभा होगी
वहीं, भाजपा के नामांकन के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, जदयू विधायक सरयू राय, लोजपा (आर) के विरेंद्र प्रधान सहित कई प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद भाजपा की ओर से भी सभा होगी, जिसमें कई प्रमुख नेता भाग लेंगे।
घाटशिला उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 14 नवंबर को की जाएगी। जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,55,823 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 300 बूथ बनाए गए हैं।
झामुमो के सभी सांसद और विधायक 22 अक्टूबर से घाटशिला में कैंप करेंगे
इधर, घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में दोनों प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों की घोषणा के बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। झामुमो ने यहां से दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के बेटे सोमेश सोरेन को और भाजपा ने चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को चुनाव मैदान में उतारा है। यह चुनाव झामुमो और भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। दोनों ही पार्टियां इस चुनाव में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है।
चुनाव की रणनीति बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और मंत्रियों को बुधवार को कांके रोड स्थित सीएम आवास पर बुलाया। हाइलेवल मीटिंग की। एक-एक तैयारी पर बारीकी से चर्चा की गई। बैठक में हेमंत सोरेन ने सभी सांसदों-विधायकों को 22 अक्टूबर से घाटशिला में कैंप करने का निर्देश दिया है। इन सभी को एक-दो पंचायतों की जिम्मेदारी दी जाएगी। वे उस पंचायत में रहकर प्रचार-प्रसार करेंगे और पूरे पंचायत की मॉनिटरिंग करेंगे।
झामुमो ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची
घाटशिला उपचुनाव के लिए झामुमो ने शुक्रवार को स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर 40 नेताओं को स्टार प्रचारकों के रूप में अनुमति देने और पास जारी करने की मांग की।
इस सूची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री दीपक बिरूआ, योगेंद्र प्रसाद, हफीजुल अंसारी, सुदिव्य कुमार सोनू, सांसद सरफराज अहमद, डॉ. महुआ माजी, जोबा मांझी, विजय हांसदा शामिल हैं। इनके अलावा विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, सविता महतो, बसंत सोरेन, विकास मुंडा, डॉ. लुईस मरांडी, अंजनी सोरेन, समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, भूषण तिर्की, निरल पूर्ति, दशरथ गगराई, सुखराम उरांव, मो. ताजुद्दीन अंसारी, उमाकांत रजक, आलोक सोरेन, जगत माझी, हेमलाल मुर्मू, पूर्व विधायक बैजनाथ राम, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, विनोद कुमार पांडेय, फागू बेसरा, सुप्रियो भट्टचार्य, अभिषेक पिंटू, रामसुर्या मुंडा, कुणाल षांडगी, रामलाल मुंडा, लक्ष्मण टुडू, बारी मुर्मू हैं।
