गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के दियाजोरी चौक रेलवे फाटक के पास आज शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इसमें एक मोटरसाइकिल और हाइवा के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
मृतक युवक की पहचान साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड निवासी राहुल कुमार भगत के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक का नाम आनंद कुमार पाठक है, जो बोकारो स्टील सिटी का निवासी है। आनंद पाठक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े
दोनों युवक के.सी. लैब कंपनी के सीनियर पदाधिकारी थे और कंपनी के कार्य से ललमटिया की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा और बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, हाइवा को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दियाजोरी रेलवे फाटक के आसपास भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर कड़े ट्रैफिक नियम और गति नियंत्रण व्यवस्था लागू करने की मांग की है। पूरे मामले पर महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने बताया की सड़क दुघर्टना में एक की मौत दूसरा घायल है। गाड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
