धनबाद में कोयला कारोबारियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। ईडी की टीम 15 वाहनों से धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित तेतुलिया में कोयला कारोबारी अनिल गोयल के कोयला भट्ठे पर पहुंची।
.
दर्जनों ईडी अधिकारियों ने अनिल गोयल के भट्ठे पर बड़े पैमाने पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बीसीसीएल के टेंडर में गड़बड़ी, कोयले का अवैध कारोबार और मनी लॉल्ड्रिंग से जुड़े मामले में की गई। वहीं, शुक्रवार को ईडी टीम को झारखंड में 2.40 करोड़ की नगद व जमीन की 120 डीड मिली थी।
अनिल गोयल के कार्यालय पर भी दी थी दबिश
इससे पहले, शुक्रवार को भी धनबाद में ईडी ने 17 स्थानों पर देर रात तक छापेमारी की थी। इस दौरान, ईडी की टीम ने कोयला कारोबारी अनिल गोयल के टिकियापाड़ा स्थित कार्यालय पर भी दबिश दी थी।
ईडी की टीम कोयला कारोबारी अनिल गोयल के कोयला भट्ठे पर पहुंची।
शुक्रवार को जमीन की 120 डीड मिली थी
ईडी ने शुक्रवार को झारखंड के धनबाद व दुमका समेत पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई की थी। धनबाद में 17 समेत झारखंड के 18 ठिकानों पर ईडी की टीम ने सुबह 6 बजे एक साथ छापेमारी की। धनबाद में एलबी सिंह के सरायढेला, कुंभनाथ सिंह के कुसुम बिहार, दोनों के शिमलाबहाल स्थित आवास, संजय खेमका के धनसार स्थित ऑफिस व दुमका में अमर मंडल सहित अन्य के ठिकानों पर रेड डाली गई।
आउटसोर्सिंग कंपनी एटी देवप्रभा के मालिक एलबी सिंह, कुंभनाथ सिंह और संजय खेमका के घरों पर छापेमारी हुई। वहीं, जीएसटी में गड़बड़ी, कोयला तस्करी, अवैध परिवहन और कोयला भंडारण मामले में कारोबारी अनिल गोयल, दीपक पोद्दार आदि के ठिकानों पर ईडी ने दबिश दी।
एलबी-कुंभनाथ समेत अन्य का ईडी ने स्टेटमेंट दर्ज किया। ईडी 8 माह से संबंधित लोगों की जांच के दायरे में रखा था। जांच में अनियमित ठेके, कोयले काली कमाई और धन के अवैध हस्तांतरण के कई साक्ष्य मिले थे। कोयला मंत्रालय के पास इस संबंध में पहले से कई शिकायतें आई थीं।
कोयला, पत्थर व बालू कारोबारी है अमर मंडल
दुमका में अमर मंडल के ठिकानों पर भी रेड पड़ी। अमर का पत्थर के साथ कोयले का भी कारोबार है। अमर मंडल के यहां से भी ईडी की टीम ने कई कागजात और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं। ईडी की जांच में अमर मंडल की भूमिका अवैध कोयले के कारोबार के अलावा पत्थर और बालू में अवैध उगाही से जुड़े नेटवर्क में पाई गई है।
