नरवाना में पुलिस की गोली लगने से घायल हुए बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जींद जिले में नरवाना में कपड़ा व्यापारी नरेश जैन से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने और फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए स्टाफ नरवाना ने यह गिरफ्तारी महज दो दिन के भीतर की।
.
सीआईए स्टाफ नरवाना के इंचार्ज सुखदेव सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी अनूप निवासी बेलरखा को दाता सिंह वाला क्षेत्र में काबू किया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनूप की दोनों टांगों में गोली लगी, जिससे एक टांग में फ्रैक्चर भी आया है। मुठभेड़ के दौरान सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह पर भी सीधी गोली चलाई गई, लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण वे सुरक्षित बच गए।
एनकाउंटर के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी।
दो अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि रविवार को आरोपी ने नरवाना शहर के एक व्यापारी से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगते हुए फायरिंग की थी। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि आरोपी ने कपड़ा व्यापारी नरेश जैन के शोरुम पर पहुंचकर फायरिंग की थी और 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
